Kanpur: न्यू कानपुर सिटी में नहीं दिखेंगे बिजली के पोल व तार, 74.74 करोड़ से होंगे विकास कार्य, पढ़ें अपडेट
Kanpur News: न्यू कानपुर सिटी योजना में पहली बार भूमिगत विद्युत केबल बिछाया जाएगा। केडीए ने सीवर, पानी और बिजली के भूमिगत कार्यों के लिए शनिवार को 74.74 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया, जिसे 24 माह में पूरा करना है।
विस्तार
कानपुर में बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना में सड़कों के किनारे बिजली के पोल और तार नहीं दिखेंगे। केडीए ने योजना स्थल की प्रमुख सड़कों में केबिल ट्रेंच बनवाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन्हीं में विद्युत केबल डाले जाएंगे और आसपास के भवनों में विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। शहर में विकास प्राधिकरण की यह पहली योजना है जिसमें भूमिगत विद्युत केबल बिछेगा। इस कार्य के साथ ही यहां सीवर लाइन, पाइपलाइन बिछाने और नालों के निर्माण के लिए शनिवार को टेंडर जारी किए गए।
केडीए ने कल्याणपुर- सिंहपुर रोड और वहां से मैनावती मार्ग की तरफ 153 हेक्टेयर जमीन पर न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित करने का खाका खींचा है। 28 साल से बहुप्रतीक्षित इस योजना के जोनल मार्गों (प्रमुख मार्गों) पर ट्रंक सीवर लाइन, ट्रंक ड्रेन लाइन, ट्रंक वाटर लाइन और केबिल ट्रेंच कार्यों के लिए विकास प्राधिकरण ने शनिवार को टेंडर जारी किए। इनकी अनुमानित लागत 74.74 करोड़ रुपये है। टेंडर 24 नवंबर को दोपहर 3:00 बजे तक पड़ेंगे और उसी दिन शाम 4:00 बजे खोले जाएंगे। इस कार्य को पूरा करने की अवधि 24 माह है।
जवाहरपुरम, शताब्दीनगर में भी होंगे सवा 11 करोड़ से विकास कार्य
केडीए ने जवाहरपुरम आवासीय योजना में दो करोड़ लीटर क्षमता का इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनवाने के लिए भी टेंडर जारी किए हैं। इसकी अनुमानित लागत 9.35 करोड़ रुपये है। इसको पूरा करने की अवधि 18 महीने है। इसी तरह शताब्दीनगर फेज-तीन और चार के बीच 24 मीटर चौड़ी रोड निर्माण के लिए भी टेंडर जारी किए गए हैं। इसकी अनुमानित लागत 1.68 करोड़ रुपये है। यह टेंडर भी 24 नवंबर को दोपहर 3:00 बजे तक डाले जा सकते हैं और उसी दिन एक घंटे बाद खोले जाएंगे। ठेकेदार को यह कार्य एक साल में पूरा करना है।