Auraiya: नाबालिग से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, दावत खिलाने के बहाने ले गया था, पीड़िता ने बुआ को बताई आपबीती
Auraiya Crime: थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी अंशू जाटव को गुरुवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे कुदरकोट रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विस्तार
औरैया जिले में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग बच्ची को दावत खिलाने के बहाने ले जाकर पड़ोस के युवक की ओर से दुष्कर्म करने का सामने आया है। इस मामले में पीड़ित पिता की तहरीर पर थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसकी पत्नी का स्वर्गवास हो चुका है। पिता ने आरोप लगाया कि 28 नवंबर की शाम लगभग आठ बजे उसकी नाबालिग पुत्री घर के बाहर लघुशंका करने गई थी।
तभी पड़ोस का रहने वाला अंशू जाटव उसे पास में हो रही दावत में खाना खिलाने का बहाना करके बाइक पर बैठा ले गया। यहां आरोपी ने गुरुकुल स्कूल के पास से नगला निवी जाने वाली सड़क के किनारे एक खेत में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं आरोपी ने पीड़िता को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
कई दिन तक गुमसुम रही पीड़िता
इससे डरी सहमी बच्ची ने घर पहुंचकर अपने पिता को कोई बात नहीं बताई और गुमसुम रहने लगी। कई दिन बाद जब पिता ने बच्ची को गुमसुम और अकेले में रोता देखा तो चिंता हुई और उससे कारण पूछा तो बच्ची सिर्फ रोती रही और भयवश पिता को कोई कारण नहीं बताया।
बुआ को बताई दरिंदगी की घटना
बुधवार को नाबालिग लड़की ने फोन पर अपनी बुआ को अपने साथ हुई दरिंदगी की घटना के संबंध में जानकारी दी। जानकारी होने पर गुरुवार सुबह पिता नाबालिग बच्ची को साथ लेकर थाना पहुंचा। जहां उन्होंने पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
इस पर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी अंशू जाटव को गुरुवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे कुदरकोट रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।