Auraiya: बंबा में बहता मिला अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव, बुरी तरह से सड़ी-गली थी लाश, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Auraiya Crime: सीओ ने बताया कि जिले की सीमा सेसटे अन्य जिलों के थानों से संपर्क कर वहां दर्ज गुमशुदगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।
विस्तार
औरैया जिले में बेला थाना क्षेत्र के कंसुआ बंबा में रविवार सुबह बहता हुआ शव देख ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को मल्हौसी स्थित पुल के पास ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है। रविवार सुबह लगभग आठ बजे ग्रामीणों ने अमृतपुर गांव के पास बंबा में एक शव बहता हुआ देखा।
ग्रामीणों ने डर के कारण किसी को सूचना नहीं दी। लगभग 10 बजे जब शव बहता हुआ छहरी गांव के पास पहुंचा, तो वहां के ग्रामीणों ने बेला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को छहरी गांव से लगभग चार किमी दूर मल्हौसी में ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकलवाया।
ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं
शव पूरी तरह से गल गया था। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन चेहरा पहचान में नहीं आया। वहीं, मृतक के शरीर पर कोई वस्त्र भी नहीं थे। शव मिलने को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। सीओ ने बताया कि गुमशुदगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।