Kanpur: लापता युवक की गला रेतकर हत्या, तालाब में पड़ा मिला शव, पांच दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी
गुजैनी थाना क्षेत्र में तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया, जिसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त बलवान सिंह के रूप में की है, जो पांच दिनों से लापता था। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
विस्तार
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त बलवान सिंह यादव (28) पुत्र स्व. भगवान दिन निवासी बनपुरवा गुजैनी के रूप में हुई है। युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई।
इसके बाद शव तालाब में फेंक दिया गया। हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को थाना क्षेत्र के वन पुरवा इलाके में तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। मृतक की शिनाख्त बलवान सिंह के रूप में हुई, जो पांच दिनों से लापता था। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल से 500 मीटर दूरी पर युवक निवास करता था।
परिजनों ने बताया कि मृतक पत्नी रीमा, बेटे ओमजी (10) और बेटी यशवी (3) के साथ जीवन यापन करता था। सोमवार को वो घर से आ रहा हूं..कहकर गए थे, जिसके बाद नहीं लौटे। इसके बाद 20 तारीख को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से पुलिस जांच कर रही थी।
वहीं, परिजनों ने गांव के लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल अभी पुलिस को लिखित में तहरीर नहीं मिली है। मौके पर पहुंची एडीसीपी का कहना है कि नाम दर्ज तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें हत्यारों की तलाश में जुट गई हैं।