कानपुर में गुमशुदगी के मामले: अलग-अलग क्षेत्रों में चार किशोरियों लापता, पुलिस खोजबीन में जुटी...रिपोर्ट दर्ज
Kanpur Crime: पुलिस ने बताया कि मामलों में अपहरण की धारा में मामला दर्ज कर किशोरियों की तलाश की जा रही है। प्रेम प्रसंग और अपहरण की बात सामने आई है।
विस्तार
कानपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रो में चार किशोरियां संदिग्ध हालतों में गायब हो गईं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जूही थाना क्षेत्र से दो सगी बहनें सोमवार शाम को लापता हो गईं। पिता का आरोप है कि उनकी दोनों बेटियों को दो युवक भगाकर ले गए हैं।
दोनों बच्चियां नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस ने अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी 17 व 15 साल की दो बेटियां पास के एक निजी स्कूल में पढ़ती हैं। कुछ समय पहले बड़ी बेटी के पास एक फोन बरामद था। बताया था कि मोहल्ले में रहने वाले अरशद ने फोन तोहफे में दिया था।
सख्ती कर फोन वापस कराकर परिजनों से शिकायत की और बातचीत बंद करा दी थी। सोमवार को वे काम पर चले गए और पत्नी नमाज पढ़ने लगी तभी दोनों बेटियां भाग निकलीं। पिता ने कहा कि उनकी छोटी बेटी को भी किसी लड़के ने प्रेमजाल में फंसा लिया है। इंस्पेक्टर जूही ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चकेरी में भी गायब हुईं दो किशोरियां, अपहरण का मामला दर्ज
चकेरी में संदिग्ध हालात में दो किशोरियां गायब हो गईं। मामले में परिजनों ने अज्ञात पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार पत्नी का हाथ टूट जाने के बाद उन्होंने घर के कामकाज के लिए 23 जुलाई को साले की 16 वर्षीय बेटी को नोएडा बुलाया था। करीब 20 दिन बाद 13 अगस्त की देर रात को घर से बैग लेकर गायब हो गई।
पिता ने युवक पर लगाया है आरोप
वहीं, सजारी निवासी पीड़ित पिता के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी इंटर की छात्रा थी। 14 अगस्त सुबह वह घर से स्कूल गई थी। उसके बाद लौटकर नहीं आई। उन्होंने पड़ोस के युवक शिवा पर बेटी का अपहरण का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि मामलों में अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।