मंत्री राजभर बोले,‘यूपी सरकार पर 71 हजार करोड़ का बोझ, नई योजनाओं को लाने में आ रहीं दिक्कतें’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगी सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर रविवार को अमर उजाला कानपुर के दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने फोन पर जनता के सवालों का जवाब दिया और कुछ लोगों की समस्याएं नोट कर लखनऊ कार्यालय बुलाया। मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार पर 71 हजार करोड़ का बोझ है जिसकी वजह से तमाम नई योजनाओं को जल्द से लाने में दिक्कतें आ रही हैं। यूपी के विकास के लिए कई एेसी नई कल्याणकारी योजनाएं हैं जिससे हर वर्ग लाभान्वित होगा।
मंत्री राजभर ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को नई यूनिफार्म हम जुलाई से देने जा रहे हैं। इसमें दो सेट कपड़े, दो सेट मोजे, दो सेट जूते और एक बैग दिया जाएगा। एंटी रोमिया स्क्वायड के एक्शन से बड़ा असर दिखा है इसे और प्रभावी बनाने की तैयारी है। इसके अलावा जमीनों पर अवैध कब्जे तुरंत हटाने के लिए एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स तेजी से काम कर रही है।
यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई ऐसे काम हुए हैं जिनके बारे में शायद पहले किसी ने सोचा भी नहीं होगा। प्रदेश सरकार ने दिव्यांग पेंशन को 300 से बढ़ाकर 500 कर दिया। आगे इसे और बढ़ाने की बात चल रही है। 1250 रुपये तक दिव्यांग पेंशन देने जाने की तैयारी है। विकलांगों को लाभ पहुंचाने के लिए पहले किसी भी सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की है लेकिन यूपी में योगी सरकार बनते ही हमने दिव्यांगों को लाभ पहुंचाने के लिए कई बड़़े काम किए।
दिव्यांगों को रोडवेज बसों में निशुल्क सुविधा दी जायेगी। महीने में एक बार एक तहसील पर दिव्यांग समाधान दिवस कराने का प्रपोजल मुख्यमंत्री को दिया है। बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास योजना के तहत एक लाख तक का अनुदान देने की भी तैयारी की जा रही है। मंत्री राजभर ने सरकार के पास बजट के अभाव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी से प्रदेश सरकार पर 71 हजार करोड़ का बोझ आया है। इसकी वजह से अभी कुछ योजनाओं को हम धरातल पर नहीं ला पा रहे हैं।