Banda: खदान में मिनी ट्रक ने छात्र को रौंदा...मौत, संचालक और कर्मचारी मौके से फरार, परिजनों का हंगामा
Banda News: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ट्रक को आगे पीछे कर इस कदर अंकित को रौंदा कि वहीं उसके प्राण निकल गए। घटना की सूचना पाकर सीओ नरैनी अंबुजा व नायब तहसीलदार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में लिया। हंगामा बढ़ता देख खदान संचालक व कर्मचारी सभी भाग निकले।
विस्तार
बांदा जिले में मौरंग खदान में अपने मजदूर पिता को खाने देने पहुंचे कक्षा आठ के छात्र को बैक हो रहे मिनी ट्रक ने रौंद दिया। चालक ने गाड़ी आगे पीछे करते हुए छात्र पर दो मर्तबा चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए मजदूरों ने चालक को पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने खदान पर ही छात्र का शव रखकर हंगामा किया।
डीएम को मौके पर बुलाने की बात कही। काफी देर बाद पुलिस शव समेत सभी को कोतवाली ले जा सकी। बरियारी के कोलावल मौरंग खदान में गांव निवासी रामशरण मजदूरी करता है। शनिवार दोपहर उसका 17 वर्षीय बेटा अंकित उसे खाना देने आया था। तभी खदान में बैक हो रहे मिनी ट्रक की चपेट में आ गया। यह देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन चालक पर इसका कोई असर नहीं पड़ा
उसने बार ट्रक को आगे पीछे कर इस कदर अंकित को रौंदा कि वहीं उसके प्राण निकल गए। घटना की सूचना पाकर सीओ नरैनी अंबुजा व नायब तहसीलदार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में लिया। हंगामा बढ़ता देख खदान संचालक व कर्मचारी सभी भाग निकले। इस दौरान परिजनों ने शव हटाने से इन्कार कर दिया।
परिजनों को मुआवजा दिलाने का भी प्रयास किया जा रहा है
कहना था कि और मौके पर डीएम व खदान संचालक को बुलाया जाए। हंगामा बढ़ता देख खदान संचालक व कर्मचारी सभी भाग निकले। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से सभी को समझाया और करीब दो घंटे बाद परिजन शव लेकर कोतवाली चलने को राजी हुए। सीओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई व परिजनों को मुआवजा दिलाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
हत्यारे ट्रक पर नहीं थी नंबर प्लेट
मजदूरों ने पुलिस को बताया कि जिस ट्रक से हादसा हुआ, उसमें नंबर प्लेट नहीं है। इसी तरह खदान में कई ट्रकों में नंबर प्लेट न होने के बाद भी उनसे मौरंग ढुलाई का काम किया जा रहा है। चार दिन पहले डीएम की ओर से खदान संचालक पर लाखों का जुर्माना भी किया जा चुका है। इतना ही नहीं कुछ दिन पूर्व तीन बच्चे भी बेतरतीब खोदाई से हुए गड्ढे के कारण नदी में डूबने से बचे थे।
बहन की शादी में आया था अंकित
अंकित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन व एक छोटा भाई है। पिता ने बताया कि अंकित अपनी बुआ के घर रहता था, फरवरी में बड़ी बेटी की शादी थी। इस वजह से ही वह बरियारी अपने गांव आया हुआ था। क्या पता था कि बेटा हमेशा के लिए उनसे छिन जाएगा।