Exclusive: मैनावती मार्ग पर न्यू कानपुर सिटी का मुख्य द्वार, होंगे दो पांच सितारा होटल…जानें योजना का खाका
Kanpur News: केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि न्यू कानपुर सिटी के लेआउट पर मुहर लगाने से पहले जल्द ही अस्पताल, स्कूल, होटल व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की बैठक बुलाई जाएगी। ताकि उनकी आवश्यकता के अनुरूप के प्लाट विकसित किए जा सकें।
विस्तार
कानपुर में केडीए ने बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना के तैयार लेआउट प्लान को अमली जामा पहनाने पर मंथन शुरू कर दिया है। प्लान के मुताबिक योजना में कनॉट प्लेस की तर्ज पर इनर और आउटर सर्किल बनेंगे। इन्हीं सर्किलों के आसपास मैनावती मार्ग पर ग्राम सिंहपुर कछार में केडीए ग्रींस के पास योजना का मुख्य द्वार होगा। यहां 45 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी।
मुख्य द्वार के पास व्यावसायिक क्षेत्र में कन्वेंशन सेंटर, दो पांच सितारा होटल और इसके बाद मॉल, मल्टीप्लेक्स, निजी अस्पताल बनेंगे। पार्क, थाना, फायर स्टेशन, कम्युनिटी सेंटर सहित अन्य सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उससे बाद बहुमंजिला इमारतें और उनके पीछे प्लाट, पार्क आदि विकसित किए जाएंगे।
ठंडे बस्ते में पड़ गई थी योजना
केडीए 1996 ने बिठूर-कल्याणपुर रोड और मैनावती मार्ग के आसपास के सात गांवों गंगपुर चकबदा, हिंदूपुर, ख्यौरा कछार, सिंहपुर कछार, बैरी अकबरपुर कछार, विसायकपुर, संभरपुर की 464.6965 हेक्टेयर जमीन पर न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित करने की योजना बनाई थी। जमीन अर्जन न होने पाने इस वजह से योजना ठंडे बस्ते में पड़ गई थी।
करीब 31 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है
दो साल पहले केडीए ने पुन: इस योजना को मूर्तरूप देने की तैयारी शुरू की। पहले चरण में सिंहपुर कछार, हिंदूपुर, संभरपुर और गंगपुर चकबदा की 153.2182 हेक्टेयर जमीन पर योजना विकसित करने की तैयारी हुई। इसमें से लगभग 89 हेक्टेयर जमीन काश्तकारों से खरीदनी है, शेष जमीन केडीए की है। अब तक करीब 31 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है।
कनॉट प्लेस की तर्ज पर लेआउट तैयार
चार हेक्टेयर जमीन काश्तकारों से खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। जमीन न बेचने वालों की भूमि अर्जित की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) को जमीनों के विवरण सहित प्रस्ताव भेज दिया है। तीन महीने में अर्जन भी शुरू हो जाएगा। मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार ने बताया कि कनॉट प्लेस की तर्ज पर न्यू कानपुर सिटी का लेआउट तैयार किया गया है।
प्रत्येक होटल 4000 से 6000 वर्गमीटर जमीन पर बनेगा
सिंहपुर कछार, मैनावती मार्ग किनारे 25 हजार एकड़ में कन्वेंशन सेंटर और इसी के पास होटल बनेंगे। प्रत्येक होटल 4000 से 6000 वर्गमीटर जमीन पर बनेगा। ग्रुप हाउसिंग के लिए बड़े प्लाटों से लेकर विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए 300 वर्गमीटर, 200 वर्गमीटर, 162 वर्गमीटर, 112 वर्गमीटर और 60 वर्गमीटर के प्लाट विकसित किए जाएंगे। योजना में पार्क, पुलिस स्टेशन, फायर स्टेशन, मल्टीप्लेक्स, मॉल, ऑफिस, अस्पताल, स्कूल, थाना, फायर स्टेशन, कम्युनिटी सेंटर की सुविधा मिलेगी।
- योजना का क्षेत्रफल - 153.3182 हेक्टेयर
- आवासीय क्षेत्र - 30 प्रतिशत
- व्यावसायिक क्षेत्र - 20 प्रतिशत
- पार्क सहित ग्रीनरी - 15 प्रतिशत
- सामुदायिक सुविधाएं - 5-7 प्रतिशत
- सड़कें - 18-20 प्रतिशत
- अन्य सुविधाएं - 10 प्रतिशत
अस्पतालों, स्कूलों, होटलों की डिमांड के लिए होगी बैठक
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि न्यू कानपुर सिटी के लेआउट पर मुहर लगाने से पहले जल्द ही अस्पताल, स्कूल, होटल व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की बैठक बुलाई जाएगी। ताकि उनकी आवश्यकता के अनुरूप के प्लाट विकसित किए जा सकें।