Mahoba: खेलते समय तालाब पहुंचे चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
यूपी के महोबा जिले में खेत में बने तालाब में खेलते समय नहाने पहुंचे चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महोबा जिले में बेलाताल कोतवाली कुलपहाड़ के खैरारी गांव में खेत में बने तालाब में खेलते समय नहाने पहुंचे चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने एक घंटे के बाद शवों को बाहर निकाला। खैरारी गांव निवासी लेखराम का पुत्र सुरेश (09) परिषदीय विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। पिता दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है जबकि मां की चार साल पहले मौत गई थी।
सुरेश और उसका भाई माखन दादा-दादी के साथ गांव में रहता था। रविवार को अवकाश होने के चलते सुरेश अपनी चचेरी बहन रौनक (12) के साथ घर के दरवाजे खेल रहा था। खेलते-खेलते दोनों शाम करीब पांच बजे खेत पर पहुंच गए। जहां खेत तालाब योजना से खुदे तालाब में पानी भरा हाेने के चलते दोनों नहाने लगे। गहराई में जाने से चचेरे भाई-बहन डूब गए। आसपास से गुजरे ग्रामीणों ने जब बालिका को तालाब में डूबते देखा तो अन्य लोगों को सूचना दी।
एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम कुलपहाड़ जितेंद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी लाखन सिंह, बेलाताल चौकी प्रभारी दिनेश तिवारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस घटना की जानकारी लेते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। मृतका रौनक पूर्व माध्यमिक विद्यालय अकौना में कक्षा छह की छात्रा थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।