महोबा सड़क हादसा: बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौत और दो गंभीर घायल, एक झांसी रेफर
Mahoba News: सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने रोहित और पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। भूरा की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया, जबकि अजय का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
विस्तार
महोबा जिले मे झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रैपुरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और दो की जान चली गई। कोतवाली कुलपहाड़ के कमालपुरा गांव निवासी महेंद्र का पुत्र रोहित (18) अपने चचेरे भाई अजय (17) के साथ बाइक से मोबाइल खरीदने के लिए महोबा आया था।
रविवार की दोपहर वापस लौटते समय रैपुरा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक में सवार मुढ़हरा निवासी पुष्पेंद्र (20) व उसका दोस्त भूरा (21) को गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना की जांच शुरू
सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने रोहित और पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। भूरा की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया, जबकि अजय का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
रफ्तार बनी हादसे का कारण
तेज गति से बाइक चलाना हादसे का कारण बना। कमालपुरा निवासी रोहित महोबा से वापस लौटते समय बाइक को तेज गति से चला रहा था। पीछे बैठे चचेरे भाई अजय ने उसे कई बार रोका और धीमे चलने की बात, कही लेकिन अजय नहीं माना। हाईवे पर अचानक सामने से बाइक आ जाने पर वह संतुलन खो बैठा और भिड़ंत हो गई।