Mahoba: पांच साल की मासूम से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा
Mahoba News: थानाध्यक्ष गुलाब त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
महोबा जिले में थाना पनवाड़ी के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात युवक ने घर के दरवाजे खेल रही पांच साल की मासूम को खेत ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुंदेलखंड किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने थाने पहुंच हंगामा किया और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एक गांव निवासी पांच वर्षीय मासूम शाम करीब छह बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। तभी गांव का अनिल टाफी खिलाने के बहाने मासूम बालिका को खेत में ले गया, जहां दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने बालिका को आरोपी के साथ देखा। रात करीब नौ बजे बालिका के लौटने पर पूरी घटना की जानकारी हुई। तब मां ने थाने पहुंच तहरीर दी।
पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा
पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष गुलाब त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया। घटना की जांच कराई जा रही है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।