महोबा: खाद न मिलने से भड़के किसान, झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर लगाया जाम, एक घंटे ठप रहा आवागमन, आश्वासन पर माने
Mahoba News: पनवाड़ी ब्लॉक अंतर्गत भरवारा गांव में खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने बुधवार को झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। किसान सहकारी समिति का चक्कर काटने के बावजूद खाद न मिलने से परेशान थे। लगभग एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन ठप रहने और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विस्तार
महोबा जिले में ब्लॉक पनवाड़ी के ग्राम भरवारा में खाद न मिलने से नाराज किसानों ने बुधवार को झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी ने किसानों को खाद वितरण कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, भरवारा गांव के किसान पिछले एक सप्ताह से खाद के लिए भटक रहे थे। किसान सहकारी समिति के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल पा रही थी। बुधवार को समिति पर खाद वितरण होने की सूचना मिली थी। इसके चलते बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए, लेकिन समिति नहीं खुली। इससे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
खाद वितरण कराने का दिया आश्वासन
अचानक जाम लगने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों का कहना था कि खाद के अभाव में उनकी खेती का काम प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी ने किसानों को खाद वितरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।