Ateeq Ahmed: चित्रकूट पहुंचा माफिया अतीक का काफिला, पुलिस लाइन में रूककर किया नाश्ता-पानी
Ateeq Ahmed News: माफिया अतीक अहमद का काफिला देर रात चित्रकूट पहुंचा। यहां पुलिस लाइन में 25 मिनट रूककर नाश्ता-पानी किया गया। इसके बाद काफिला फिर रवाना हो गया।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद का काफिला देर रात को चित्रकूट से गुजरा। पुलिस लाइन में लगभग 25 मिनट तक काफिला रुका रहा। इस दौरान पुलिस काफिले में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भोजन आदि लिया। साथ ही, विशेष सुरक्षा वैन में मौजूद अतीक अहमद को भी नाश्ता-पानी दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के नैनी जेल से माफिया अतीक अहमद का कडी सुरक्षा में काफिला देर रात 9.28 पर चित्रकूट जिले की सीमा मुरका बरगढ़ में प्रवेश किया था। 10 बजे काफिला मऊ से गुजरा। जिला मुख्यालय कर्वी में 10.42 पर पहुंचा।
इसके बाद अतीक अहमद का काफिला 11:13 पर भरतकूप की ओर रवाना हो गया है। इसके बाद भरतपुर से होते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस से यह काफिला बांदा और जालौन के लिए प्रस्थान करेगा। बता दें कि प्रयागराज से अदालत के आदेश के बाद उसे गुजरात के साबरमती जेल ले जाया जा रहा है।
पेशी के बाद चित्रकूट लाया गया फरहान
अतीक के साथ ही उमेश पाल के अपहरण मामले में एक आरोपी फरहान को प्रयागराज में पेशी के बाद चित्रकूट जिला जेल लाया गया है। कड़ी सुरक्षा में उसे पृथक बैरक में रखा गया है। जिला जेल रगौली में रात लगभग साढ़े आठ बजे दो पुलिस वाहन के बीच बंदी वाहन से उसे लाया गया है।