कन्नौज: शादी रचाने तहसील पहुंचा था प्रेमी जोड़ा, फिर हुआ कुछ ऐसा...युवक सीधे पहुंचा जेल, जानें क्यों?
Kannauj News: छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका के साथ शादी रचाने आया प्रेमी सीधे जेल पहुंच गया। बता दें कि प्रेमिका छह दिन पहले प्रेमी के साथ भाग गई थी। दोनों शादी रचाने तहसील पहुंचे थे। इसकी सूचना पर लड़की के परिजन पहुंच गए।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में छह दिन पहले प्रेमी के साथ घर से भागी प्रेमिका तहसील में शादी रचाने के लिए पहुंची। इसकी भनक लगते ही किशोरी के परिजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। हंगामे के बाद पुलिस व वकीलों ने प्रेमी युगल को भरथना पुलिस व परिजनों के साथ भेज दिया।
जनपद इटावा के थाना भरथना अंतर्गत एक गांव की रहने वाली किशोरी को रिश्ते में मामा लगने वाला जगतपुर निवासी विजेंद्र पांच अप्रैल को भगा लाया था। किशोरी की मां ने युवक के खिलाफ भरथना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को विजेंद्र शादी रचाने के लिए लड़की को लेकर तहसील पहुंचा।
वहां पर एक वकील के पास शादी के लिए अभिलेख तैयार हो रहे थे। नोटरी हलफनामे के जरिए दोनों ने शादी के लिए अभिलेखीय कार्रवाई पूरी की। उसी समय लड़की के परिजन भरथना पुलिस के साथ तहसील पहुंच गए। परिजनों को देख लड़की ने हंगामा शुरू कर दिया।
मां बोली- बेटी अभी नाबालिग है...युवक भगा ले गया था
वो प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। इस बीच वकीलों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लड़की की मां का आरोप है कि पुत्री अभी नाबालिग है और साल 2021 में उसने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। युवक उसे ले आया था। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।