Kanpur: लेखपाल की मां से 32.50 लाख की ठगी, प्लॉट दिलाने का दिया था झांसा, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: थाना प्रभारी प्रेमनरायन विश्वकर्मा ने बताया मामले की तहरीर मिली है। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की बात सामने आई है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के बिठूर में जालसाजों ने प्लॉट दिलाने का झांसा देकर फर्रूखाबाद के कमालगंज निवासी लेखपाल अक्षय प्रताप की मां कुषमा देवी से 32.50 लाख रुपये ठग लिए। कुषमा देवी ने बताया कि प्लॉट के सिलसिले में उनकी मुलाकात नारामऊ निवासी एक प्रापर्टी डीलर व उसके चार अन्य साथियों से हुई थी।
जालसाजों ने नारामऊ के बांगर में एक प्लॉट की रजिस्ट्री भी करवा दी। इसके एवज में उन्होंने जालसाजों को 32.50 लाख रुपये भी दे दिए। आरोप है कि जब उन्होंने प्लॉट पर बाउंड्रीवाल बनानी शुरु की], तो काकादेव के गीतानगर निवासी एक शख्स ने खुद का प्लॉट होने का दावा कर काम बंद करा दिया।
धोखाधड़ी की बात आई है सामने
दोनों पक्ष जब बिठूर थाने पहुंचे, तो पता चला कि वह जिस आराजी संख्या की रजिस्ट्री कराई है, वह वहां है ही नहीं। थाना प्रभारी प्रेमनरायन विश्वकर्मा ने बताया मामले की तहरीर मिली है। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की बात सामने आई है। उच्चाधिकारियों के अनुमोदन के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।