वकील और पुलिसकर्मी भिड़े: सरेंडर करने आया था गैंगस्टर एक्ट का आरोपी, हुआ जबरदस्त हंगामा
अदालत में सरेंडर करने आए बदमाश को पकड़ने गए पुलिसकर्मी से वकील भिड़ गए। आरोपी को छुड़ाकर सरेंडर करा दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही और वकीलों में हल्की कहासुनी हुई है। मामला शांत करा दिया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में 25 हजार के इनामी गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी शुक्रवार को अदालत आत्मसर्मपण करने आया। पुलिस को भनक लगते ही बिना वर्दी के एक सिपाही आरोपी को अदालत के गेट से पकड़कर ले जाने लगा। वकील ने विरोध किया, लेकिन सिपाही के न मानने पर एकजुट वकील संबंधी सिपाही से भिड़ गए और आरोपी को सिपाही से छुड़ाकर अदालत में आत्म सर्मपण करा दिया।
शहर के खालेपुरा मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय बाबादीन गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी है, जिस पर 25 हजार का इनाम पुलिस ने घोषित कर रखा है। शुक्रवार को आरोपी अदालत में आत्मसर्मपण करने वकील रामस्वरुप यादव के बस्ते पर आया। जैसे ही कोर्ट नंबर तीन गेट के पास वकील उसे लेकर पहुंचे, तभी सादी वर्दी में आए सिपाही प्रदीप यादव उसे पकड़कर अपने साथ ले जाने को घसीटने लगे। इस पर वकील ने विरोध किया। छीना झपटी में वकील की फाइल फट गई। उसी दौरान आए अन्य वकील एकजुट होकर सिपाही से भिड़ गए।
वकील रामस्वरूप यादव ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी बाबादीन को लेकर कोर्ट नंबर तीन जा रहे थे। जैसे ही वह कोर्ट के गेट के पास पहुंचे तभी पीछे से आए सिपाही प्रदीप यादव ने पकड़कर ले जाने लगे। विरोध करने पर सिपाही उनसे भिड़ गया। वहीं, मौके पर मौजूद वकीलों ने सिपाही के चंगुल से बाबादीन को छुड़ाया। उन्होंने बताया कि आरोपी के ऊपर पर 25 हजार का इनाम है। इसी को लेकर पुलिस उसे गिरफ्तार करना चाहती थी।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी के पर 25 हजार का इनामी घोषित था। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वकीलों के माध्यम से अदालत में हाजिर होने जा रहा है। कहा सिपाही और वकीलों में हल्की कहासुनी हुई है। मामला शांत करा दिया गया है।