आशिक मिजाज कोटेदार: चेहरे पर कालिख पोती...जूते-चप्पल से पीटा, रिश्तेदार समेत पांच पर रिपोर्ट, पढ़ें पूरा मामला
Auraiya Crime: अयाना थाना क्षेत्र में आशिक मिजाज कोटेदार के चेहरे पर कालिख पोतकर चप्पलों से पीटने और अर्धनग्न अवस्था में गांव मे घुमाने का मामला सामने आया है। मामले का वीडियो वायरल होने पर गांव छावनी बना हुआ है।
विस्तार
औरैया जिले में अयाना थाना क्षेत्र में कोटा डीलर के साथ पांच रिश्तेदारों ने मारपीट कर मुंह में कालिख पोत दी। इसके बाद जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि कोटेदार पर एक शादीशुदा युवती को गायब कराने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो में अर्धनग्न अवस्था में कोटेदार को चप्पलों से पीटा जा रहा है। इसमें एक महिला उसको खरीखोटी भी सुना रही है।
कोटा डीलर रामसिंह को गांव में घुमाने का वीडियो वायरल हो गया। इसकी जानकारी होते ही सीओ अजीतमल भरत पासवान और थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि बीती 15 जुलाई को वह मशीन दुरुस्त करवाने के लिए औरैया गया था।
कपड़े उतरवाकर चप्पल-जूतों से पीटा
इस दौरान उसके रिश्तेदारों ने फोन कर आनेपुर स्थित सांईं मंदिर पर बुलाया। इस पर उसने घर आकर मिलने की बात कही। जब वह घर पहुंचा, तो आरोपी वहां पहले से ही मौजूद थे। आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर चप्पल-जूतों से मारपीट कर गाली-गलौज की।
बेटी की शादी में दिए थे दो लाख रुपये
इसके बाद उसके चेहरे पर कालिख पोतकर जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। पीड़ित ने बताया कि उसकी शादी नहीं हुई है। इसके चलते दो माह पहले उसने रिश्तेदार की बेटी की शादी में दो लाख रुपये दिए थे। शादी के बाद आरोपी की बेटी अपनी ससुराल से कहीं चली गई।
रिश्तेदार समेत पांच पर रिपोर्ट
इस पर रिश्तेदारों ने उस पर बेटी को अपने घर ले आने का आरोप लगा कर अभद्रता की, जबकि आरोपी की बेटी उसके घर पर नहीं आई है। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।