Etawah: सफारी में फिर गूंजेगी किलकारी, जेसिका फरवरी में देगी शावक को जन्म, आईवीआरआई रिपोर्ट में हुई पुष्टि
इटावा सफारी पार्क में शेरों का कुनबा बढ़ने जा रहा है। दरअसल, शेरनी जेसिका फरवरी में एक शावक को जन्म देगी। इसकी पुष्टि आईवीआरआई से आई रिपोर्ट में हुई है। बता दें कि अगस्त में जेनिफर ने एक शावक को जन्म दिया था।
विस्तार
इटावा जिले में पांच माह बाद सफारी पार्क में फिर एक बार किलकारी गूंजेगी। जेनिफर के बाद अब शेरनी जेसिका भी फरवरी में शावक को जन्म देगी। आईवीआरआई से आई रिपोर्ट में जेसिका के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद से उसकी निगरानी बढ़ा गई है।
जेसिका और बब्बर शेर कान्हा की तीन माह पहले मीटिंग कराई गई थी। पिछले माह आईवीआरआई में जांच के लिए जेसिका का सेंपल भेजा गया था। पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) से रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुशी की लहर दौड़ गई है।
फरवरी में जेसिका भी शावक को जन्म देगी। जानकारी के बाद प्रबंधन की ओर से जेसिका की निगरानी बढ़ा दी गई है। उसे एक अलग सेल में रखा गया है। इस समय सफारी में 17 शेर-शेरनियां हैं। पशु चिकित्सक डॉ. रॉबिन ने बताया कि जेसिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य का रखा जा रहा है ध्यान
रिपोर्ट के बाद से उसे अलग सेल में उसके स्वास्थ्य का लगातार ध्यान रखा जा रहा है। सुबह-शाम स्वास्थ्य के जांच करने के साथ ही खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उसकी डाइट भी बढ़ा दी गई है। साथ ही सप्लीमेंट भी दिए जा रहे हैं।
फरवरी में आएगा नया मेहमान
फरवरी में जेसिका सफारी में शेरों का कुनबा बढ़ाएगी। उपनिदेशक अरुण कुमार ने बताया कि जल्द ही एक नया मेहमान सफारी में जन्म लेगा। जेसिका की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही, विशेषज्ञों के द्वारा जेसिका का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जेसिका नौवें शावक को देगी जन्म
ब्रीडिंग सेंटर में बब्बर शेर मनन की 13 जून को स्किन कैंसर से मौत हो गई थी। शेर मनन और जेसिका से सफारी में सबसे पहले अक्टूबर 2016 में सुल्तान और सिम्बा पैदा हुए। इसके बाद मनन और जेसिका की मीटिंग से जनवरी 2018 में बब्बर शेर बाहुबली पैदा हुआ।
जून 2019 में एक बार फिर से शेर भारत, शेरनी रूपा और सोना पैदा हुई। दिसंबर 2020 में शेरनी गार्गी और नीरजा पैदा हुई, जबकि अप्रैल 2020 में मनन और शेरनी जेनिफर से बब्बर शेर केसरी पैदा हुआ। जेनिफर और कान्हा की मीटिंग के बाद 2022 अगस्त में जेनिफर ने एक शावक को जन्म दिया है। अब नई साल पर जेसिका फरवरी में एक और शावक को जन्म देगी।