अपहरण हत्याकांड: अगवा किशोर की हत्या, बोरे में भरकर तालाब में फेंका था शव, आरोपी पिता गिरफ्तार
गंगा कटरी क्षेत्र में बेटी से बात करने से नाराज पिता ने बेटे के साथ मिलकर किशोर की हत्या कर दी थी। पिता-पुत्र मंगलवार देर रात किशोर को अगवा कर ले गए थे। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटे की तलाश में दबिश दी जा रही है।
विस्तार
कानपुर में गंगा कटरी के रामपुर गांव से अपहृत 14 वर्षीय किशोर सौरभ की गला कसकर हत्या कर दी गई। शव पर ईंट बांधने के बाद उसे बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया। आरोप है कि किशोर मोहल्ले की ही एक किशोरी से बात कर रहा था।
इससे नाराज किशोरी के पिता ने बेटे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार तड़के शव बरामद कर लिया। ग्वालटोली पुलिस ने अपहरण व हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। गांव निवासी बबलू का बेटा सौरभ मंगलवार को तीन दोस्त राकेश, सनी और कौशल के साथ उन्नाव गया था।
पुलिस के मुताबिक देर रात जब लौट रहा था, तो गांव निवासी उदन व उनके बेटे सोनू ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। राकेश, सनी व कौशल वहां से भाग निकले थे, जबकि सौरभ को दोनों अगवा कर ले गए थे। बुधवार को सौरभ के पिता ने ग्वालटोली पुलिस को सूचना दी थी।
इसके बाद पुलिस ने सबसे पहले उदन को गिरफ्तार किया है। एसीपी कर्नलगंज अमरनाथ यादव ने बताया कि करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद उदन ने जुबान खोली और वारदात की बात कबूली। इसके बाद शव को बरामद किया जा सका। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
बेटी घर से निकली, तो पीछे-पीछे चल दिए पिता और भाई
एसीपी ने बताया कि उन्नाव से लौटने के बाद चारों ने आरोपी की बेटी को रात साढ़े 12 बजे मिलने बुलाया। जब किशोरी घर से निकली तो पीछे-पीछे उदन व सोनू भी चल दिए। देखा कि बेटी चारों लड़कों से बातचीत कर रही है। इसी दौरान दोनों ने पहले बेटी को घर भेजा। उसके बाद चारों पर हमला कर दिया। सौरभ हत्थे चढ़ गया, तो उसकी हत्या कर दी।
हत्या करने बाद घर में ही मिला पिता
एसीपी ने बताया कि उदन वारदात को अंजाम देने के बाद घर पर ही था। बेटा सोनू फरार है। जब पुलिस ने दबिश, तो उदन बाहर आया। कहा कि उस पर जो आरोप लगाए गए हैं, फर्जी हैं। थाने लाकर पूछताछ की गई, तो भी कई घंटे तक जुबान नहीं खोली। सख्ती के बाद उसने वारदात कबूली। अब पुलिस फरार सोनू की तलाश कर रही है।