Kanpur: जनसुनवाई में कानपुर जोन प्रथम, कमिश्नरेट 52वें पायदान पर, एसीपी बोले- फीडबैक लेकर ला रहे हैं सुधार
Kanpur News: एडिशनल सीपी ने बताया कि पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए शिकायतों की जांच आख्या पर जनता से फीडबैक लिया जा रहा है। फीडबैक सेल फीडबैक लेकर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाता है और उसके अनुसार अधिकारी आगे की कार्रवाई का निर्धारण करते हैं।
विस्तार
कानपुर में जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर जन शिकायतों के निस्तारण में कानपुर जोन ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की भी रैंकिंग में सुधार हुआ है। मंगलवार को जारी हुई रैंकिंग में कानपुर कमिश्नरेट 52वें पायदान पर रहा।
शासन द्वारा जारी सितंबर माह की रैंकिंग में कानपुर कमिश्नरेट 52वें स्थान पर रहा। अगस्त माह में 59 वें पायदान पर था। रैंकिंग में कमिश्नरेट के 47 थानों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, पांच थाने शिकायतों के निस्तारण में फिसड्डी रहे।
रैंकिंग के अनुसार आईजीआएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण के मामले में कानपुर जोन ने प्रथम स्थान पाया है। जोन के कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, फतेहगढ़, झांसी, जालौन व ललितपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त हुई है।
एसीपी से लेकर थाना प्रभारियों को फटकार
साथ ही, जोन के कुल 139 थानों में से 127 थानों ने प्रथम रैंक प्राप्त किया। वहीं, कमिश्नरेट के 52 में से 47 थानों ने प्रथम स्थान हासिल किया हैं। वहीं, रावतपुर, सचेंडी, जाजमऊ, गोविंदनगर समेत पांच थाने जनसुनवाई में फिसड्डी साबित हुए है। इसके चलते कमिश्नरेट की रैंकिंग प्रभावित हुई है। रैंकिंग आने के बाद एडिशनल सीपी विपिन मिश्रा ने इन फिसड्डी थानाक्षेत्रों के एसीपी से लेकर थाना प्रभारियों को फटकार लगाते हुए पेंच कसे।
फीडबैक लेकर गुणवत्ता में ला रहे सुधार
एडिशनल सीपी ने बताया कि पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए शिकायतों की जांच आख्या पर जनता से फीडबैक लिया जा रहा है। फीडबैक सेल फीडबैक लेकर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाता है और उसके अनुसार अधिकारी आगे की कार्रवाई का निर्धारण करते हैं। जनसुनवाई में फिसड्डी रहे थानेदारों को चेतावनी जारी की जाएगी।