{"_id":"6ace5464daa801e8980542c9","slug":"kanpur-youth-held-captive-and-beaten-dumped-in-a-drain-in-critical-condition-2026-10-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: युवक को बंधक बनाकर पीटा, मरणासन्न कर नाली में फेंका, चार हिस्ट्रीशीटरों समेत सात पर रिपोर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: युवक को बंधक बनाकर पीटा, मरणासन्न कर नाली में फेंका, चार हिस्ट्रीशीटरों समेत सात पर रिपोर्ट
Tue, 13 Oct 2026 09:25 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Tue, 13 Oct 2026 09:25 PM IST
विज्ञापन
चकेरी थाना
- फोटो : अमर उजाला
चकेरी थानाक्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर तमंचे की बट और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटने के बाद मरणासन्न हालत में नाली में फेंक दिया गया। पीड़ित की शिकायत और वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने तीन दिन तक कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को चार हिस्ट्रीशीटर समेत छह-सात अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
विज्ञापन
अर्मापुर निवासी गौरव शुक्ला के मुताबिक, वह शनिवार शाम हरजिंदर नगर निवासी दोस्त विवेक नागर से मिलने गया था। आरोप है कि चकेरी थाने के हिस्ट्रीशीटर संजय केसरवानी उर्फ कल्लू केले वाला, गोलू चंदेल, बर्रा थाने का हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा उर्फ आलोक वर्मा, पनकी थाने का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक चौबे उर्फ गोलू, विकास केसरवानी और छह-सात अज्ञात उसे बंधक बनाकर सफीपुर ले गए।
विज्ञापन
विकास ने उसकी कमर पर तमंचा लगाया और अन्य आरोपियों ने वीडियो बनाया। इसके बाद कट्टे की बट और लात-घूंसों से पीटकर उसे पकड़िया पेड़ के पास नाली में फेंक दिया और फरार हो गए। आरोपियों का दावा है कि गौरव ने उनके घर पर फायरिंग की थी।
विज्ञापन
शनिवार रात गौरव को कांशीराम अस्पताल में उपचार के बाद हैलट रेफर कर दिया गया। आरोप है कि रविवार को जब वह थाने पहुंचा तो आरोपियों ने फिर से उसकी पिटाई की। आरोप है कि अवैध स्टैंड संचालक का गुर्गा उसे कांशीराम अस्पताल लाया, लेकिन मीडिया को देखकर छोड़कर भाग गया। गौरव ने वीडियो वायरल कर न्याय की गुहार लगाई थी। पीड़ित ने सत्तापक्ष के दबाव के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं होने का आरोप भी लगाया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।