कानपुर: कई दिनों तक कमरे में पड़ा रहा युवक का शव, बाहर तक फैल गई थी दुर्गंध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Kanpur News: नौबस्ता के यशोदानगर में पत्नी के मायके जाने के बाद अकेले रह रहे 40 वर्षीय राहुल मिश्रा का शव शनिवार को उनके ही बंद मकान से बरामद हुआ। दुर्गंध आने पर पुलिस ने दीवार फांदकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में नौबस्ता के यशोदनगर निवासी राहुल मिश्रा (40) का शव शनिवार सुबह घर के कमरे में मिला। कई दिनों से बंद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा नहीं खुला तो पुलिसकर्मी दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। कमरे में फर्श पर शव पड़ा था। फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, राहुल निजी नौकरी करता था और शराब का आदी था। इसी वजह से पत्नी अनूपा से अक्सर विवाद होता था। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए विवाद के बाद अनूपा बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। राहुल उसे वापस बुलाने के लिए फोन करता रहा, लेकिन वह नहीं लौटी।
मकान से दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना
बड़े भाई रोहित ने पुलिस को बताया कि पत्नी के जाने के बाद राहुल अकेला रहने लगा और शराब का सेवन बढ़ गया था। परिवार के लोग उसे शराब छोड़ने की सलाह देते रहे, लेकिन उसने बात नहीं मानी। शनिवार सुबह मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने डायल-112 पर सूचना दी।
शव कई दिन पुराना है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। अंदर जाने पर राहुल का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने राहुल के अत्यधिक शराब पीने की जानकारी दी है। शव कई दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।