कानपुर: तेज रफ्तार में भगाई एक्सयूवी, युवक और पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास, नशे में धुत होने की संभावना
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र स्थित हरजिंदर नगर चौराहे पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार चालक ने सनसनी फैला दी। नशे में धुत बताए जा रहे चालक ने एक बाइक सवार युवक को कुचलने का प्रयास किया और रोकने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी कार चढ़ाने की कोशिश की।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हिट एंड रन होने से बच गया। तेज रफ्तार एक्सयूवी सवार चालक ने बाइक सवार को कुचलने का प्रयास किया। रोकने पर पुलिस पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। घटना में युवक और पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। चकेरी थानाक्षेत्र के हरजिंदर नगर चौराहे पर शनिवार देर रात एक एक्सयूवी कार सवार ने तेज रफ्तार में कार भगाकर एक युवक को कुचलने का प्रयास किया। किसी तरह युवक ने अपनी जान बचाई।
पुलिसकर्मियों ने कार रोकने की कोशिश की
इस पर कार चालक कार को एयरफोर्स गेट से तेज रफ्तार में मोड़कर लाया। इधर, हरजिंदर चौराहे में मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार रोकने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। फिर तेज रफ्तार में कार आगे बढ़ाकर एनटू रोड की तरफ भाग निकला।
नशे में धुत होने की संभावना
इधर, घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कार सवार हरजिंदर नगर स्थित एक व्यापारी का लड़का बताया जा रहा है। उसकी नशे में धुत होने की संभावना है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी।