Kanpur Weather Update: फिर बदला मौसम! तीन दिन बारिश-ओले का अलर्ट जारी, 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी हवा
Kanpur News: मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। रह-रह कर आसमान में बादलों का डेरा दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से तीन दिनों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार, तीन दिनों में बारिश-ओले गिरने की संभावना है। वहीं, हवा 50 किमी की रफ्तार से चल सकती है।
विस्तार
कानपुर में पिछले 15 वर्षों में अप्रैल में पहली बार ऐसा मौसम हो रहा है। जब एक झटके में तेज हवा के साथ ओले व गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। इस महीने अभी तक तीन बार ऐसा हो चुका है और 43 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। शुक्रवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है।
इसके अनुसार, अगले तीन दिनों के बीच 50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके साथ तेज बारिश और ओले भी पड़ सकते हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार इस महीने चक्रवाती हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा का कम दबाव बनने की प्रक्रिया एक साथ चल रही है।
इससे अचानक से बादल और हवा की रफ्तार बढ़ने की घटनाएं हो रही हैं। मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय ने बताया शुक्रवार को सुबह से ही बादल आने से दिन का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 32.4 और न्यूनतम 1.6 डिग्री कम होकर 21.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। बताया कि एक मई तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में आज से बदला रहेगा मौसम
विभाग के अनुसार, मौसम का बदलाव महानगर सहित मंडल और प्रदेश के अन्य जिलों में भी रहेगा। इसमें कानपुर महानगर, कानपुर देहात, बांदा, चित्रकूट, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर सहित प्रदेश के बाकी जिले भी शामिल हैं।
इस तरह की स्थिति 15 वर्षों के बाद हुई है, जब अप्रैल में अचानक से तेज हवा के साथ बारिश, ओले और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं। अगले तीन दिन लोगों को सावधानी से बाहर निकलने की सलाह दी जाती है। अगले तीन दिनों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। -डॉ. एसएन पांडेय मौसम विशेषज्ञ सीएसए
पूरे दिन छाई रही बदली
मौसम में बदलाव का ही असर है कि शुक्रवार को नजारा पूरी तरह से बदला रहा। सुबह तो कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद ही बदली छा गई। एक बार तो बूंदाबांदी की उम्मीद भी जगी। फिर देखते ही देखते तेज हवा चलने लगी। इससे मौसम पूरी तरह से बदल गया। चिलचिलाती धूप गायब हो गई।
बेमौसम बारिश से आम की फसल में रोग का खतरा
बेमौसम बारिश व आंधी के चलते बागवानों को बड़ा नुकसान हुआ है। पिछले कुछ समय से हो रही बेमौसम बारिश व आंधी आदि से फसल को नुकसान पहुंच रहा है। आंधी में काफी अमिया गिर गई है। वहीं शेष बची रह गई कच्ची अमिया पर जाला व रूजी कीट लग गया है।