Kanpur Weather Update: जुलाई में रूठा रहा मानसून! निर्धारित से 34MM कम बारिश, कई जिलों में सूखे जैसे हालात
Weather News: कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बात की जाए, तो यहां के सात जिले ऐसे हैं, जहां पर इस बार निर्धारित मात्रा से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे इस मौसम की फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
विस्तार
जुलाई का महीना बारिश के लिहाज काफी निराशाजनक रहा। कानपुर में इस बार बरसात पिछले वर्ष की अपेक्षा 12 प्रतिशत कम रिकार्ड की गई है। इस बार महज 260.8 मिमी बारिश हुई है। पिछले साल हुई थी। वैसे जुलाई में बारिश की निर्धारित मात्रा 294.8 मिमी है।
सीएस के मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह में तेज या लगातार बारिश की संभावना कम है। ऐसे में इस मौसम की फसलें प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से इस महीने की जारी रिपोर्ट के अनुसार कानपुर नगर में बांदा जिले से भी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार इस बार जुलाई में शहर और इसके आसपास बारिश का सिलसिला पूरे दिन भी लगातार नहीं चला। पिछले वर्षों में इस महीने दो से तीन दिनों तक लगातार बारिश होती रही है। जलवायु परिवर्तन के असर से इस बार शहर में ही पैचिंग रेन ज्यादा हुई।
मौसम की फसलें हो सकती हैं प्रभावित
अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसा पहली बार देखा गया है। इसी तरह से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बात की जाए, तो यहां के सात जिले ऐसे हैं, जहां पर इस बार निर्धारित मात्रा से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे इस मौसम की फसलें प्रभावित हो सकती हैं। किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
बुआई और रोपाई में नाली विधि का करें प्रयोग
डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में बारिश का मौसम इस बार अनुकूल नहीं रहने की वजह से इस क्षेत्र के लिए कृषि अनुसंधान परिषद की पिछले सप्ताह हुई दो दिवसीय बैठक में फसलों की बुआई और रोपाई में नाली विधि का प्रयोग करने की सलाह किसानों को दी गई है। इस विधि से खेत में नमी बनी रहती है।
जुलाई में बारिश की स्थिति (मिमी में)
स्थान बारिश हुई होनी चाहिए
कानपुर नगर 260.8 294.8
कानपुर देहात 204 246.4
फतेहपुर 171.2 304.1
हरदोई 228.2 323.9
बांदा 265.7 340.6
फर्रुखाबाद 324.5 332.6
उन्नाव 221.4 286.1