Kanpur Violence: छर्रे लगने से पांच और हुए थे घायल, शासन को भेजी इंटेलिजेंस की रिपोर्ट में खुलासा
कानपुर में तीन जून को नई सड़क पर हुए बवाल के दौरान छर्रे लगने से पांच और लोग घायल हुए थे। ये खुलासा विभाग द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में किया गया है।
विस्तार
कानपुर में नई सड़क पर हुए बवाल के दौरान पांच अन्य लोग गोलियों के छर्रे लगने से घायल हुए थे। इन्होंने गुपचुप तरीके से अपना इलाज भी करवा लिया था। ये गोलियां पुलिस की ओर से चलाई गईं थीं या दंगाइयों की ओर से यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मसले की पूरी रिपोर्ट स्थानीय इंटेलिजेंस विभाग ने शासन को भेज दी है।
बवाल के कुछ दिन बाद रियाज नाम के एक किशोर को गोली के छर्रे लगने का मामला प्रकाश में आया था। उसने बेकनगंज क्षेत्र के ही अस्पताल में खुद को दिखाया था। डॉक्टर ने उसे हैलट रेफर कर दिया था, जहां वह नहीं पहुंचा था। हालांकि पुलिस ने उसे खोज निकाला था। मेडिकल में उसके छर्रे लगने की पुष्टि नहीं हो सकी थी तो डॉक्टरों ने दुबारा मेडिकल कराने की सलाह दी थी। पुन: मेडिकल के लिए पुलिस ने कोर्ट में आवेदन कर रखा है।
हॉस्पिटलों के कैमरे खंगालने को टीम बनी
इंटेलीजेंस ने बवाल के बाद क्षेत्र के लोगों से इनपुट जुटाकर घायलों की पुष्टि की है। इस दौरान विभाग को पता चला कि बवाल में जिनको भी छर्रे लगे थे। स्थानीय लोगों ने घायलों के कपड़े बदलकर उन्हें पास के निजी अस्पतालों में भेजा था। पुलिस अब बेकनगंज क्षेत्र के छोटे-छोटे अस्पतालों और क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकालने की कोशिश में है। इसके लिए एक टीम बनाई गई है, जिसमें एक दरोगा और पांच कांस्टेबल शामिल हैं।