Kanpur: ‘बिजली और टूटी सड़कों पर आक्रोश’, ग्रामीणों ने एसडीओ कार्यालय का किया घेराव, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
Kanpur News: घाटमपुर तहसील क्षेत्र के इटर्रा गांव में बिजली की खराब केबिल कई दिनों से न बदले जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत सब स्टेशन स्थित एसडीओ कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों के विरोध के बाद तुरंत नई केबिल लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर तहसील क्षेत्र के इटर्रा गांव में खराब बिजली की केबिल बदले न जाने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीओ कार्यालय का घेराव कर नाराजगी जताई, तो केबिल भी बदल गई। ग्रामीणों का आरोप था कि इटर्रा में ट्रांसफार्मर की मुख्य केबिल फुंक जाने के कारण कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप चल रही है।
इससे घरों में पीने के पानी के साथ खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही थी। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, तो आक्रोशित ग्रामीण विद्युत सब स्टेशन में एसडीओ कार्यालय में जा धमके। ग्रामीणों के आक्रोश व्यक्त करने पर पहुंचे अवर अभियंता ने स्थिति समझी और तुरंत नया केबिल मंगवाकर बदला दिया। तब जाकर विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
जर्जर सड़कों को लेकर तहसीलदार को दिया ज्ञापन
विद्युत सब स्टेशन से बिजली की समस्या का समाधान कराने के बाद इटर्रा गांव के लोग जर्जर सड़कें व जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तहसील पहुंचे। यहां एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह के न मिलने पर ग्रामीणों ने एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उन्होंने बताया कि इटर्रा से बीहूपुर और रामलीला मैदान से पहेवा जाने वाले दोनों मुख्य मार्ग पूरी तरह टूट चुके हैं। गड्ढों में पानी भरने से आवा गमन बंद है।
तहसीलदार बोले- शीघ्र कराया जाएगा समाधान
नालियों की व्यवस्था न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे बीमारियों फैलने का खतरा है। लाइलाज हुई समस्या से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि दोनों मार्गों का निर्माण सीसीरोड या फिर इंटरलॉकिंग से हो। पक्की नालियां बनें साथ ही पहले हुए निर्माण की जांच भी कराई जाए। तहसीलदार ओम प्रकाश ने ग्रामीणों को आश्वासत किया कि उनकी समस्या को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।