Kanpur: फास्टैग का खेल या तकनीकी खामी, 24 घंटे में तीन बार कटा टोल, एनएसआई के पूर्व निदेशक ने दर्ज कराई शिकायत
Kanpur News: एनएसआई के पूर्व निदेशक प्रोफेसर नरेंद्र मोहन ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर गलत तरीके से अधिक शुल्क काटे जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बिना लखनऊ गए ही उनके खाते से टोल कट गया, जबकि 16 घंटे के भीतर यात्रा के दौरान तीन बार शुल्क काट लिया गया।
विस्तार
कानपुर में नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट (एनएसआई) के पूर्व निदेशक प्रोफेसर नरेंद्र मोहन ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर गलत तरीके से अधिक शुल्क काटने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि एक दिन लखनऊ नहीं जाने के बावजूद उनके खाते से टोल शुल्क काट लिया गया। वहीं 16 जुलाई को लखनऊ यात्रा के दौरान तीन बार टोल शुल्क कट गया।
उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को ई-मेल से शिकायत भेजी है लेकिन अभी तक समाधान नहीं मिला है। प्रोफेसर नरेंद्र मोहन के अनुसार कानपुर से लखनऊ जाने पर 285 रुपये टोल शुल्क लिया जाता है। यदि वाहन चालक 24 घंटे के भीतर वापस लौटता है तो वापसी का शुल्क 140 रुपये निर्धारित है।
खाते से तीन बार 285-285 रुपये काट लिए
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को लखनऊ जाने और वापस आने के दौरान टोल शुल्क सही तरीके से कटा था। इसके अगले दिन 16 जुलाई को भी वह लखनऊ गए और 24 घंटे के अंदर लौट आए, लेकिन इस बार उनके खाते से तीन बार 285-285 रुपये काट लिए गए। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को वह लखनऊ गए ही नहीं थे।
शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया
फिर भी उनके खाते से 285 रुपये का टोल शुल्क काट लिया गया। उन्होंने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने एनएचएआई को पूरे मामले की जानकारी ई-मेल के जरिये दी। शिकायत के साथ उन्होंने यात्रा का पूरा विवरण भी भेजा है।