Kanpur: दो दुकानों में चोरी और दो में असफल रहे, घटना सीसीटीवी में कैद…व्यापारी बोले- पुलिस नहीं करती है गश्त
Kanpur News: व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने से घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। व्यापारियों ने फिक्स प्वाइंट पर पुलिस ड्यूटी तत्काल बहाल और चोरी की घटनाओं का तत्काल अनावरण की मांग की है। व्यापारियों ने घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां में चोरों की निकली बारात, शनिवार देर रात में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरों ने स्वीट हाउस और इलेक्ट्रिक एंड किचन सेंटर की दुकान से लाखों का माल पार कर दिया, जबकि दो अन्य दुकानों के ताले टूटे मिले, उन दुकानों में चोर वारदात करने में असफल रहे। लोगों ने पुलिस गश्त न होने से चोरी की घटनाओं में इजाफा होने की बात कही।
वहीं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी नाराजगी जाहिर की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल की। केआर पुरम सनिगवां रोड निवासी शिवम गुप्ता की अन्ना चौराहे पर बाबा सिद्धनाथ स्वीट हाउस के नाम से मिठाई की दुकान व रेस्टोरेंट है। बीते शनिवार रात में दुकान बंद करके घर आ गए थे। इसी दौरान शटर का ताला तोड़कर चोर दुकान के अंदर घुसे और काउंटर में रखे 30 हजार नगद और एक टूटी 13 ग्राम की सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
ये सामान लेकर हो गए फरार
चेन उन्होंने रिपेयरिंग के लिए रखी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी में दो शातिर दिख रहे है। दोनों 3:15 मिनट में दुकान के अंदर दाखिल हुए और तीन मिनट बाद कैमरा बंद कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। ऐसे ही बर्रा निवासी श्याम बिहारी शर्मा की अन्ना चौराहे विमानपुरी में वर्तिका इलेक्ट्रिकल्स एंड किचन सेंटर के नाम से दुकान है। बीती रात चोर शटर का ताला तोड़कर उनकी दुकान के अंदर घुसे और काउंटर में रखे 1500 नगद, दो सीलिंग फैन और दो छोटे सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश
बगल की दुकान महेश ज्वेलर्स की दुकान पर भी ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर असफल रहे। वहीं, शांति पब्लिक स्कूल के सामने भी चोरों ने एक दुकान में चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वहां भी चोर असफल रहे है। पीड़ितों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
व्यापारियों ने खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
क्षेत्रीय व्यापारियों में गहरी नाराजगी और असुरक्षा की भावना है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही संगठन के पदाधिकारी अजय सिंह तथा जिला अध्यक्ष महेश वर्मा मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने से घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। व्यापार मंडल के पदाधिकारी हेमंत सिंह सेंगर, श्याम सुंदर, धर्मेंद्र दीक्षित, अभय गुप्ता, दुर्गेंद्र शुक्ला, शुभम शर्मा, धीरेंद्र सिंह, आलोक तिवारी, संतोष गुप्ता, परमानंद पटेल आदि ने कहा कि पहले अन्ना चौराहा व टेंपो स्टैंड पर पुलिस की ड्यूटी रहती थी।
चोरी की घटनाओं के तत्काल अनावरण की मांग
हालांकि, वर्तमान समय में यह व्यवस्था समाप्त है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि काaशीराम कॉलोनी अवैध गतिविधियों का गढ़ बन चुकी है, जहां रह रहे लोगों का अब तक सत्यापन नहीं कराया गया है। व्यापारियों ने फिक्स प्वाइंट पर पुलिस ड्यूटी तत्काल बहाल और चोरी की घटनाओं का तत्काल अनावरण की मांग की है। व्यापारियों ने घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।