Kanpur: किशोर की करंट लगने से मौत, गाय को बचाने में हुआ हादसा…परिजनों में कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: नौबस्ता थाना क्षेत्र में गाय को बचाने में किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, क्षेत्रीय लोग बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के काठ की पुलिया के पास एक हृदय विदारक घटना सामने आई है।यहां बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से केशव तिवारी (15) की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ, जब केशव एक गाय को बिजली के तार से चिपका देखकर उसे बचाने की कोशिश कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, केशव अपने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक बिजली के खंभे के पास था। बताया जा रहा है कि इस खंभे में पिछले कुछ समय से करंट आ रहा था। शुक्रवार रात जब केशव ने देखा कि एक गाय उस खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गई है और तड़प रही है, तो उसने बिना सोचे-समझे उसे बचाने का प्रयास किया।
परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल
इसी दौरान, वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बाधित करने और केशव को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक केशव तिवारी, रामजी तिवारी (42) और मनी तिवारी (35) का बड़ा बेटा था। उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।