Kanpur: धूप व उमस बरकरार…स्कूलों को डीएम के आदेश का इंतजार, DM बोले- एक मई को बैठक में होगा फैसला
Kanpur News: कानपुर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सेक्रेटरी सुबोध कटियार ने कहा कि छोटे बच्चों के स्कूल में परिवर्तन कर दिया है। शिक्षा विभाग के आदेश का इंतजार है। जैसे ही आदेश आएगा स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में बढ़ते पारे और कड़ी धूप के बावजूद शहर के कई स्कूलों ने समय में बदलाव नहीं किया है। अभी कई स्कूल डीएम के आदेश के इंतजार में हैं। उनका कहना है कि डीएम आदेश के बाद तत्काल प्रभाव से समय में बदलाव कर दिया जाएगा। कई स्कूलों ने डीएम के आदेश का इंतजार किए बगैर ही समय में परिवर्तन कर 12 और साढ़े 12 बजे तक छुट्टी कर दी।
मर्सी मेमोरियल, यूपी किराना सेवा समिति स्कूल, डीपीएस, सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर, चिंटल्स स्कूल सहित कई अन्य स्कूलों ने बढ़ती गर्मी को देख अपने स्कूल के समय में परिवर्तन कर दिया है। कई स्कूल तय समयानुसार ही कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। दोपहर में लगभग दो बजे स्कूलों में छुट्टियां होती हैं, उस समय तापमान सर्वाधिक होता है।
समय में बदलाव की मांग की गई थी
तपिश से बच्चों और अभिभावकों दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई स्कूलों में अभिभावक गेट के बाहर बच्चों को लेने के लिए धूप में काफी देर इंतजार करते रहते हैं। छुट्टी के बाद बस, वैन से आने वाले बच्चे उमस तो खुले वाहनों से आने वाले बच्चे तेज धूप से स्वयं को बचाते रहते हैं। न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि स्कूलों से समय में बदलाव की मांग की गई थी।
शिक्षा विभाग के आदेश का इंतजार
कुछ ने बदलाव किया है, लेकिन अभी भी कई स्कूल आदेश के इंतजार में हैं। समय में बदलाव को लेकर डीएम को भी मांगपत्र सौंपेंगे। कानपुर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सेक्रेटरी सुबोध कटियार ने कहा कि छोटे बच्चों के स्कूल में परिवर्तन कर दिया है। शिक्षा विभाग के आदेश का इंतजार है। जैसे ही आदेश आएगा स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया जाएगा।