Kanpur: मकनपुर में बिरयानी लूटने के लिए मची भगदड़, धक्का-मुक्की में फटे कपड़े, आग से झुलसा युवक, चार घायल
Kanpur News: बिल्हौर के मकनपुर कस्बे में चेहल्लुम के मौके पर मदार साहब की दरगाह के पास बड़ी डेग में बनी बिरयानी लूटने के दौरान मंगलवार शाम भीषण भगदड़ मच गई। बिरयानी खत्म होने की अफवाह पर भीड़ बेकाबू हो गई, जिसमें धक्का-मुक्की के दौरान आग में गिरकर एक युवक झुलस गया और चार लोग घायल हो गए।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर में चेहल्लुम के मौके पर मंगलवार को मकनपुर कस्बे में स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग से प्राचीन मदार साहब की दरगाह में मौजूद बड़ी डेगों में बिरयानी बनवाई थी। शाम करीब आठ बजे वितरण के दौरान एकाएक बिरयानी लूटने से अफरा-तफरी मच गई। धक्का-मुक्की में कई लोगों के कपड़े फट गए, जबकि कई लोगों के मामूली चोटें भी आईं।
पूरी घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती। मंगलवार को चेहल्लुम पर्व के मौके पर रस्म अदायगी के साथ मकनपुर के कई मोहल्लों में जुलूस निकाल गया था, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। आयोजकों द्वारा मदार साहब की दरगाह में ही लंगर में बिरयानी भी पकवाई गई थी। शाम को वितरण के दौरान कई घंटे तक आयोजकों द्वारा बिरयानी का वितरण भी किया गया।
एकाएक बड़ी-बड़ी डेगों के ऊपर टूट पड़े लोग
लेकिन बिरयानी खत्म होने की अफवाह के बाद भीड़ अनियंत्रित हो गई और एकाएक बड़ी-बड़ी डेगों के ऊपर लोग टूट पड़े। महिलाएं, युवतियां, बच्चे सभी पॉलिथीन में बिरयानी भरने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करने लगे। धक्का-मुक्की के दौरान मकनपुर का एक युवक आग में जा गिरा, जिससे वह मामूली रूप से झुलस गया। जलाने की लकड़ी पर गिरने से तीन लोग घायल हो गए।