Kanpur Sports: सहारा ने 60 रनों से जीता मैच, कराटे में छह खिलाड़ियों ने जीते पदक, पढ़ें खेल जगत की बड़ी खबरें
केडीएमए लीग में बुधवार को गांधीग्राम, नवाबगंज क्लब और यूनिमैक्स सुपर ने मैच जीते। वहीं, तेनशिनकॉन नार्थ इंडिया कराटे चैंपियनशिप में शहर के छह खिलाड़ियों ने पदक जीते। इसके अलावा कोलकाता क्रिकेट एसोसिएशन ने शहर के मैच रेफरी सुनील चतुर्वेदी को सम्मानित किया।
विस्तार
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से चल रही केडीएमए लीग में बुधवार को तीन मैच खेले गए। इसमें गांधीग्राम, नवाबगंज क्लब व यूनिमैक्स सुपर ने जीत दर्ज की। पीएसी मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर स्टारलेट की टीम 26 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई।
जवाब में उतरी गांधीग्राम की टीम ने 21.2 ओवर में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया। रामलखन भट्ट मैदान में नवाबगंज क्लब ने पहले खेलते हुए 28 ओवर में सात विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में केसीसी क्लब की टीम 23.2 ओवर में 84 रन पर सिमट गई।
वहीं, तीसरा मैच चित्रा मैदान में हुआ। यूनिमैक्स सुपर ने पहले खेलते हुए 25.1 ओवर में दस विकेट खोकर 81 रन बनाए। जवाब में उतरी कानपुर ग्रांड क्लब की टीम 15.1 ओवर में महज 45 रन पर ही सिमट गई। इस मैच में यूनिमैक्स सुपर विजेता रही।
सहारा ने 60 रनों से जीता मैच
डॉ. नागेंद्र स्वरूप मेमोरियल क्रिकेट लीग में बुधवार को सहारा ने 60 रनों से लायंस क्लब को हरा दिया। डॉ. वीरेंद्र स्वरूप क्रिकेट एकेडमी की ओर से डीएवी मैदान फूलबाग में मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सहारा की टीम ने 25 ओवर में छह विकेट पर 223 रनों का स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज दीपक ने 97, विवेक ने 53 रनों की पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी लायंस क्लब की टीम 163 रन पर ऑलआउट हो गई।
कराटे में शहर के छह खिलाड़ियों ने जीते पदक
जम्मू के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को हुई तेनशिनकॉन नार्थ इंडिया कराटे चैंपियनशिप में शहर के छह खिलाड़ियों ने पदक जीते। सिहान सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों ने उत्तरप्रदेश टीम की तरफ से खेलते हुए शहर का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, झारखंड, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड सहित देशभर के करीब छह सौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
सिद्धांत श्रीवास्तव ने कराटे की काता स्पर्धा में स्वर्ण, कुमिते में रजत पदक जीता। राहुल कटियार ने कुमिते में स्वर्ण और काता में रजत तथा वीरेन ने कुमिते में रजत और काता में कांस्य पदक, आदित्य ने कुमिते में स्वर्ण और काता में रजत, अरनव सिंह ने कुमिते में स्वर्ण व सक्षम ने कुमिते और काता स्पर्धा में एक-एक रजत पदक हासिल किया है।
कैंप के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने झोंकी ताकत
यूपीसीए की ओर से कमला क्लब व ग्रीनपार्क स्टेडियम में चल रहे अंडर-14 सेलेक्शन मैच के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने पूरी ताकत झोंक दी। खिलाड़ियों के बीच रोजाना 50-50 ओवर के मैच कराए जा रहे थे। मैच में विभिन्न जिलों के कुल 82 खिलाड़ी शामिल हुए थे। जिन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन दिखाया है, उन्हें आगामी कैंप के लिए चुना जाएगा। करीब 30 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन्हें आगामी मैचों के लिए तैयार किया जाएगा। यह कैंप कमला क्लब में लगेगा। इसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं है।
कोलकाता क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच रेफरी सुनील को किया सम्मानित
कोलकाता क्रिकेट एसोसिएशन ने मंगलवार को जादवपुरी यूनिवर्सिटी मैदान में आयोजित सीके नायडू टूर्नामेंट के दौरान शहर के मैच रेफरी सुनील चतुर्वेदी को सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान क्रिकेट जगत में 25 वर्ष बतौर मैच रेफरी पूरे करने पर मिला। मैच से पूर्व एसोसिएशन के संयुक्त सचिव देबाबर्ट दास ने सुनील चतुर्वेदी को शॉल ओढ़ाया। इसके बाद खिलाड़ियों को बताया कि सुनील ने 25 सालों में बीसीसीआई के कुल 369 मैचों में रेफरी की भूमिका निभाई है।