Kanpur: सुलगती बीड़ी से बिस्तर में लगी आग, जिंदा जला बुजुर्ग…चलने-फिरने में था असमर्थ, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: बिधनू थानाक्षेत्र के कठारा गांव में सोमवार देर रात सुलगती बीड़ी से लगी आग में चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि पड़ोसी उन्हें बचा नहीं सके।
विस्तार
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कठारा गांव में एक हृदयविदारक घटना हुई। यहां बिस्तर पर सुलगती बीड़ी से लगी आग में चलने–फिरने में असमर्थ बुजुर्ग जिंदा जल गए। पड़ोसियों के अनुसार बुजुर्ग के चीखने पर वह लोग दौड़े, लेकिन आग की विकराल लपटों के सामने घर के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। करीब एक घंटे बाद आग बुझाकर ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे, तो बुजुर्ग का जला शव पड़ा मिला।
जानकारी पर बिधनू पुलिस फॉरेंसिक टीम ने जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम भेज दिया। उक्त गांव निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि उनके पिता गंगाप्रसाद (90) किसान थे। तकरीबन एक साल से सांस व घुटनों की बीमारी से परेशान होने के कारण चलने–फिरने में असमर्थ थे। उन्होंने बताया कि वह पांच भाई सुरेंद्र, वीरेंद्र, सत्येंद्र व रवि है। सब भाई अपने–अपने परिवार के साथ घर से कुछ दूरी पर रहते हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया कि मां शिवरानी की 10 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी, जिसके बाद पिता अकेले रहते थे। बताया कि पिता बीड़ी पीते थे, सोमवार देर रात बीड़ी पीने के बाद वह सो गए। इसके बाद सुलगती बीड़ी ने बिस्तर में आग पकड़ ली। कुछ देर बाद लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। पिता बिस्तर पर छटपटाते रहे, आग की ऊंची लपटें उठती देख पड़ोसी मुंशीलाल ने अरविंद को सूचना दी। बताया की आपके कारण गृहस्थी का अन्य सामान भी पूरी तरह से जल गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
