Kanpur: टॉपर बिटिया की मौत से खामोश हुआ घर, पिता बोला- संपत्ति विवाद में हुई है हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur Crime News: सचेंडी में 96% अंक लाने वाली मेधावी छात्रा का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। पिता ने संपत्ति विवाद में ताऊ-ताई और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विस्तार
कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव में इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली नाबालिग छात्रा दिव्यांशी सिंह (16) का सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे पर शव लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पिता ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने बड़े भाई, भाभी और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र वीर सिंह ने बताया कि उनके ससुर की तबीयत खराब होने के कारण वह रविवार सुबह पत्नी रूबी और बेटे हर्षित के साथ रायपुर गए थे।
साड़ी के सहारे पंखे से लटका हुआ था शव
सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे परिवार के साथ घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा, तो बेटी दिव्यांशी का शव कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह शोर मचाते हुए बेहोश हो गए। चीख पुकार सुनकर पत्नी और बेटा और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
महेंद्र वीर सिंह का आरोप है कि उनके दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले बड़े भाई, भाभी और उनके बेटे ने संपत्ति विवाद के चलते उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि पिता की ओर से हत्या का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
