कानपुर: दुकानदार की दिनदहाड़े नृशंस हत्या, कार सवार हमलावरों ने धारदार हथियार से काटा, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: बिल्हौर के मकनपुर रोड पर मंगलवार सुबह कार सवार हमलावरों ने एक दुकानदार की धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र में मकनपुर रोड पर मंगलवार सुबह नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। खुर्द खोजनपुर गांव के सामने सुबह करीब 9:40 बजे कार सवार हमलावरों ने साइकिल से जा रहे एक 35 वर्षीय दुकानदार पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजू (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से दुकानदार था और बिल्हौर के वैष्णो नगर में किराए के मकान में रहता था।
अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से किया हमला
मंगलवार सुबह वह साइकिल पर सवार होकर देवहा की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर गांव के सामने पहुंचा, तभी कार से आए अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया और धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला बोल दिया।
रक्तरंजित शव देख राहगीरों के उड़े होश
सड़क किनारे राजू का खून से लथपथ शव पड़ा देख वहां से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।