Kanpur: दिनदहाड़े बारदाना व्यापारी के घर 30 लाख की लूट, महिलाओं को बंधक बनाकर पीटा, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: शुक्लागंज में दिनदहाड़े बदमाशों ने व्यापारी के घर धावा बोलकर महिलाओं को बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद बदमाश 10 लाख नकद, 20 लाख के जेवर और लाइसेंसी रिवाल्वर लूटकर फरार हो गए।
विस्तार
शुक्लागंज के ब्रह्म नगर मोहल्ले में मंगलवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बारदाना व्यापारी के घर धावा बोल दिया। किराएदार महिला को किचन में बंद कर और मकान मालकिन को रस्सी से बांधकर जमकर पिटाई की, जिससे उनके दो दांत टूट गए। बदमाश 10 लाख की नकदी, 20 लाख के जेवर और लाइसेंसी रिवाल्वर समेत डीवीआर लूट ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे बाइक सवार तीन बदमाश मुख्य गेट से अंदर घुसे नीचे के तल पर रह रही किराएदार महिला रत्ना को पीटते हुए बंधक बनाकर किचन में बंद कर ऊपर के तल पर पहुंचे। यहां खाना खा रही मकान मालकिन सीता शुक्ला को नायलॉन की रस्सी से बांधकर जमकर पिटाई की। इस दौरान महिला के दो दांत भी टूट गए।
घर में लगे कैमरे भी तोड़ दिए
महिला शोर ना कर सके मुंह में पन्नी बांध दी। इस बीच नकाबपोश बदमाश घर के कमरे में रखे बक्से अलमारी और बड़ा बक्सा खोलकर लूटपाट करते हुए घर में रखी नगदी जेवर और लाइसेंसी रिवाल्वर अपने साथ ले गए। सूचना पर पहुंचे मकान मालिक राकेश शुक्ला ने बताया कि घर में लगे कैमरे भी तोड़ दिए और डीवीआर अपने साथ ले गए।
पीड़ित ने एक युवक पर संदेह जताया है
बदमाश 10 लाख की नगदी के अलावा करीब 20 लाख के जेवर और उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर के अन्य कीमती सामान ले गए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची कोतवाली गंगा घाट पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। कोतवाल अजय सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित ने एक युवक पर संदेह जताया है, जो की पूर्व में उसका चालक रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।