Kanpur: सभासद समेत छह पर रंगदारी मांगने व मारपीट की रिपोर्ट, नेत्र चिकित्सक ने दो लाख मांगने का लगाया आरोप
Kanpur News: कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आश्रम की जगह किसके नाम है, इसका भी पता कराया जा रहा है।
विस्तार
शुक्लागंज में गोपीनाथपुरम मोहल्ला निवासी नेत्र चिकित्सक मनीष सिंह ने सभासद समेत छह लोगों पर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने और देने से इंकार करने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए गंगाघाट कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने सभासद समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। गोपीनाथपुरम मोहल्ला निवासी मनीष सिंह ने गुरुवार को पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि राजधानी मार्ग स्थित ऋषि आश्रम में उनका नेत्र चिकित्सालय है।
वहां वह नेत्र परीक्षण का कार्य करते है।31 जुलाई को आश्रम में क्लीनिक चलाने के नाम पर उनसे सभासद योगेश मिश्रा के अलावा सुरेश पाठक, प्रकाश त्रिपाठी, अमित पांडेय, अविनाश उर्फ गोलू व एक अज्ञात ने उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। देने से इन्कार करने पर उनके साथ मारपीट की गई। वहीं, सभासद का कहना है कि वह ऋषि आश्रम समिति के संयोजक भी हैं।
आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
2010 में मनीष को निशुल्क जमीन दी गई थी। समिति की ओर से जगह खाली करने का प्रस्ताव पास हुआ था। इसके बाद जगह न खाली करनी पड़े इसके चलते उन्होंने इस तरह का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आश्रम की जगह किसके नाम है, इसका भी पता कराया जा रहा है।