Kanpur: बारिश से हरी सब्जियों के दाम आसमान पर, कटरी क्षेत्र में पानी बढ़ने से आपूर्ति प्रभावित, ये है स्थिति
Kanpur News: कानपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण हरी सब्जियों की कीमतों में अचानक जोरदार तेजी आ गई है। कटरी क्षेत्र में जलभराव के चलते स्थानीय आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे धनिया 300 रुपये किलो, अदरक 200 रुपये किलो और शिमला मिर्च 120 रुपये किलो के भाव बिक रही है।
विस्तार
कानपुर में बरसात ने हरी सब्जियों के दाम बढ़ा दिए हैं। लौकी, तरोई, भिंडी, शिमला मिर्च, हरी धनिया के दाम अचानक तेज हो गए हैं। कद्दू, लौकी, तरोई 30-40 रुपये किलो बिकने लगी है। भिंडी का भाव भी 40-50 रुपये किलो हो गया है। धनिया 300 रुपये किलो बिक रही है। शिमला मिर्च 120 रुपये और प्याज 40 रुपये किलो है। अदरक भी 200 रुपये किलो में है।
शहर में बड़े पैमाने पर कटरी क्षेत्र से हरी सब्जियां खासकर लौकी, तरोई, कद्दू, भिंडी की आपूर्ति होती है लेकिन अब वहां पर बरसात का असर दिखने लगा है। कटरी क्षेत्र में पानी बढ़ने से भी आपूर्ति में कमी आई है जिसका असर भावों पर आ गया है। अन्य सब्जियां वर्तमान में मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आ रही हैं।
फुटकर में ये हैं कीमतें
फुटकर सब्जी विक्रेता राजेश कुमार ने बताया कि फुटकर में टमाटर 40 रुपये किलो है। इसके दाम पूर्व में भी इसी स्तर पर थे। कद्दू, लौकी 30 रुपये, तरोई, बैंगन 40, भिंडी 40-50 रुपये किलो है। गाजर 60 रुपये किलो, शिमला मिर्च 120 रुपये किलो में बिक रहा है। करेला 50 रुपये किलो में है। गोभी प्रति पीस साइज के अनुसार 30-50 रुपये में है।
गुणवत्ता के अनुसार हैं दाम
बंधा 30-40 रुपये प्रति पीस साइज के अनुसार है। धनिया 300 रुपये किलो हो गई है। प्याज 40 रुपये किलो हो गया है। पहले इसका दाम गुणवत्ता के अनुसार 30-35 रुपये किलो था। आलू 20 और 25 रुपये किलो में है। हरी सब्जियों के भावों 10 से 15 रुपये किलो की तेजी है। गाजर में 20, शिमला मिर्च में 30 रुपये किलो तक की तेजी आ गई है।
आगे भी भाव बढ़ने की संभावना
हरी सब्जी व्यापार मंडल चकरपुर मंडी के अध्यक्ष सौरभ पांडेय ने बताया कि कटरी से आने वाली सब्जियों की आपूर्ति बरसात के कारण घट गई है। ज्यादातर सब्जियां मध्य प्रदेश से आ रही हैं। थोक में टमाटर का भाव 22-23 रुपये किलो है। हरी मिर्च 60-65 रुपये किलो में है। गोभी और बंधा 25 रुपये प्रति पीस है। भिंडी, तरोई, बैंगन का भाव 20-22 रुपये किलो में है। बरसात के चलते भाव बढ़े हैं। आगे भी भाव बढ़ने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।