Kanpur: कानपुर-प्रयागराज हाईवे बना जानलेवा, एनएचएआई की लापरवाही और अवैध कटों से बढ़ रहे हादसे
Kanpur News: कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एनएचएआई की लापरवाही से बने अवैध कटों और उल्टी दिशा में दौड़ते वाहनों ने इसे जानलेवा बना दिया है। हाल ही में एक जेसीबी को डिवाइडर फांदते देखा गया, जिससे लोग प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराज हैं।
विस्तार
कानपुर में चकेरी से पुरवामीर तक कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएचएआई की लापरवाही और वाहन चालकों की मनमानी ने हाईवे को बेहद जानलेवा बना दिया है। एनएचएआई द्वारा अवैध कट बंद किए जाने के बाद, राहगीरों को अंडरपास तक पहुंचने के लिए चार से पांच किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
इस वजह से परेशान होकर लोग विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने को मजबूर हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक जेसीबी मशीन डिवाइडर फांदकर बीच हाईवे पर उल्टी दिशा में दौड़ती नजर आई। यह खतरनाक नजारा महाराजपुर थाना क्षेत्र के नरवल मोड़ के पास का है।
अब तक नहीं हुई है कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाहियां बड़े हादसों को जन्म देती हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। एनएचएआई और पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इलाके के लोगों ने तत्काल सड़क सुरक्षा के उपाय करने और हाईवे पर ऐसे खतरनाक व्यवहारों को रोकने की मांग की है।