Kanpur Politics: सीसामऊ की सीट जैसे मोतीझील का चाट, हर कोई चाह रहा…सभी पार्टी भी तैयारी में, पढ़ें अपडेट
Kanpur News: भाजपा के अलावा समाजवादी पार्टी की अंदर-अंदर तैयारी चल रही है। अभी तक जो चर्चा उसमें इरफान सोलंकी की पत्नी को पार्टी प्रत्याशी बना सकती है। वहीं, इस सीट पर लोकसभा की तरह कांग्रेस सपा के साथ जा सकती है। बसपा अपना प्रत्याशी उतारेगी, इसके लिए पार्टी के अंदर कवायद चल रही है।
विस्तार
कानपुर में सीसामऊ समेत प्रदेश की दस विधानसभा सीटों पर दिसंबर से पहले उप चुनाव होना है। चुनाव का एलान तो हुआ नहीं है, लेकिन भाजपा से लेकर कांग्रेस, सपा और बसपा तक में इस सीट पर दावेदारों की कदमताल शुरू हो गई है।
प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना को प्रभारी बनाए जाने के बाद लंबे समय से हार का मुंह देख रही भाजपा में अभी तक करीब 75 दावेदार सामने आ चुके हैं। इनमें पार्षद से लेकर पार्टी पदाधिकारी और यहां तक कि कई गैर राजनीतिक लोगों के नाम भी चर्चा में है। कुछ ने खुद को प्रत्याशी मानकर सोशल मीडिया पर प्रचार भी शुरू कर दिया है।
एक-एक मंत्रियों को प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी दी
सीसामऊ विधानसभा सीट यहां पर तीन बार विधायक रहे इरफान सोलंकी को सजा सुनाए जाने के बाद खाली हुई है। भाजपा ने एक दिन पहले ही सभी उप चुनाव वाली सीटों पर प्रदेश सरकार के एक-एक मंत्रियों को प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी दी है।
ये भी अपने को दावेदार मानकर चल रहे हैं
यहां पर वरिष्ठ भाजपा नेता व कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ मंत्री संजय निषाद को भी जिम्मेदारी दी है। सुरेश खन्ना को प्रभारी बनाए जाने से इस क्षेत्र में रहने वाले करीब 50 हजार सिख, पंजाबी व सिंधियों के बीच के नेता भी अपने को दावेदार मानकर चल रहे हैं।
सीट पर किसी नए चेहरे को उतार सकती है पार्टी
साथ में संजय निषाद के आने से पिछड़ी जाति से भी कई नाम सामने आने लगे है। वैसे सीसामऊ क्षेत्र में ब्राह्मण और दलित बिरादरी की संख्या भी अच्छी खासी है। भाजपा की तरफ से अभी इस दिशा में कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी इस बार इस सीट पर किसी नए चेहरे को उतार सकती है।
इरफान सोलंकी की पत्नी को पार्टी बना सकती है प्रत्याशी
भाजपा के अलावा समाजवादी पार्टी की अंदर-अंदर तैयारी चल रही है, अभी तक जो चर्चा उसमें इरफान सोलंकी की पत्नी को पार्टी प्रत्याशी बना सकती है। वहीं, इस सीट पर लोकसभा की तरह कांग्रेस सपा के साथ जा सकती है। बसपा अपना प्रत्याशी उतारेगी, इसके लिए पार्टी के अंदर कवायद चल रही है।
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना कब आएंगे अभी यह तय नहीं है। उप चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी चल रही है लेकिन पार्टी की ओर से दावेदारों की अभी कोई सूची नहीं बनाई गई है। -दीपू पांडेय, जिलाध्यक्ष भाजपा उत्तर
जिला इकाई ने प्रस्ताव बनाकर पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। जिसमें इरफान सोलंकी की पत्नी को प्रत्याशी बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो भी फैसला लेंगे, उसके आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी। -हाजी फजल महमूद, महानगर अध्यक्ष सपा