Kanpur: मिश्री बाजार में पुलिस ने पकड़ा 200 क्विंटल पटाखों का जखीरा, कीमत एक करोड़ से ज्यादा..चारों आरोपी फरार
Kanpur News: शहर में पिछले एक सप्ताह में कमिश्नरी पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की हैं। यह कानपुर पुलिस की पटाखे के मामले में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।
विस्तार
कानपुर के बिसातखाने में विस्फोट के बाद मूलगंज पुलिस का अवैध रूप से पटाखों की बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को मूलगंज इंंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में मिश्री बाजार निवासी कासिफ के तीन मंजिला मकान में छापा मारा। इसकी एक मंजिल पर रामगोला निवासी मो. मेराज कुरैशी, दूसरे पर जमील, तीसरे पर शादाब का गोदाम है। यहां पर करीब 300 गत्तों में रखे 200 क्विंटल पटाखा बरामद हुए। अनुमान है कि पटाखों की कीमत एक करोड़ से ज्यादा है। चारों आरोपी मौके से भाग निकले।
मूलगंज पुलिस को देर रात सूचना मिली कि इलाके के एक पुराने मकान में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को गोदाम में दर्जनों बोरों और गत्तों में विभिन्न कंपनियों के पटाखे भरे मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पटाखों के वैध कागजात मांगे लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने पूरे माल को जब्त करते हुए कमिश्नरी के उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि बरामद किए गए पटाखों का वजन लगभग 200 क्विटंल है। बरामद माल को जब्त कर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और किन-किन लोगों के जरिए सप्लाई की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपावली के मौके पर अवैध तरीके से बाजार में ऊंचे दामों पर इन्हें बेचने की योजना थी। पिछले एक सप्ताह में कमिश्नरी पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की हैं। यह कानपुर पुलिस की पटाखे के मामले में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। मौके पर रिंग कैप, वंडर थ्रो, रेड क्रैकर, रोलिंग कैप, ओरिजनल पाप, विशाल कलर रेड क्रैकर, ओरिजनल मैजिक शॉट, विशाल कलर स्पार्कल जैसे पटाखे मिले हैं।
यहां भी पकड़े जा चुके पटाखे
पूर्व में फजलगंज थानाक्षेत्र में पुलिस ने करीब 60 क्विंटल पटाखे जब्त किए थे। नौबस्ता क्षेत्र में भाजपा नेता महेंद्र सिंह यादव के मधुबन लॉन से 150 गत्ते पटाखे बरामद किए थे। इसके अलावा गोविंदनगर थानाक्षेत्र के दादानगर इलाके में एक फैक्टरी में छापा मारकर 50 गत्ते अवैध पटाखे जब्त किए गए थे। इन सभी मामलों में कोई भी व्यापारी प्रमाण नहीं दिखा पाया था। इसी तरह मूलगंज, कोतवाली और फीलखाना थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पटाखों को पकड़ा था।
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अवैध पटाखों की बिक्री या भंडारण बख्शा नहीं जाएगा। यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। -आशुतोष कुमार, जेसीपी, लॉ एंड ऑर्डर