Kanpur: सावन से पहले बाबा आनंदेश्वर मंदिर पहुंचे DM जितेंद्र प्रताप सिंह, व्यवस्थाओं और सुरक्षा का लिया जायजा
Kanpur News: सावन मास और सोमवार को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को परमठ स्थित प्रसिद्ध बाबा आनंदेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
विस्तार
पवित्र श्रावण मास के प्रारंभ से पूर्व श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एक्शन मोड में नजर आए। मंगलवार को जिलाधिकारी ने शहर के प्रसिद्ध बाबा आनंदेश्वर परमट मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को सावन के सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
सावन के सोमवार को लेकर सुरक्षा कड़ी करने और गंगा घाटों पर निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा आनंदेश्वर के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। इसके साथ ही परमट स्थित गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान हादसों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और जल पुलिस की सतर्कता बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल और साफ-सफाई पर दिया विशेष जोर
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था, छाया, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का भी बारीक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन माह में दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। साफ-सफाई के लिए विशेष सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाने और स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।