Kanpur: भवनों पर होर्डिंग लगाने का किराया लेगा नगर निगम, साइज के अनुसार देनी होगी फीस, सात दिन का समय तय
Kanpur News: कानपुर नगर निगम ने शहरभर की बहुमंजिला इमारतों और मकानों पर लगी करीब 2500 होर्डिंगों से शुल्क वसूलने की तैयारी कर ली है। विज्ञापन विभाग ने सभी विज्ञापन एजेंसियों और भवन स्वामियों को सात दिन के भीतर साइज के अनुसार फीस जमा करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
कानपुर में बहुमंजिला इमारतों से लेकर छोटे-बड़े मकानों पर लगी करीब 2500 होर्डिंगों के लिए अब नगर निगम को शुल्क देना होगा। विज्ञापन विभाग ने विज्ञापन एजेंसी और भवन स्वामियों को सात दिन में कागजात के साथ होर्डिंग के साइज के अनुसार फीस जमा करने के निर्देश दिए हैं।
भुगतान न करने पर होर्डिंग हटाने के साथ भवन पर लगा जाल भी जब्त किया जाएगा। नगर निगम ने होर्डिंग के लिए 3200 रुपये प्रति वर्ग फीट सालाना फीस तय की है। इसमें 20 गुणा 10 वर्ग फीट की होर्डिंग पर करीब 25 हजार रुपये सालाना शुल्क लगेगा।
जो फीस नहीं देगा, उस पर कार्रवाई होगी
बड़ा चौराहा, माल रोड, फूलबाग, परेड, घंटाघर, रामादेवी, लाल बंगला, जरीब चौकी, रावतपुर, कल्याणपुर और गोविंदनगर समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में होर्डिंग हैं। विज्ञापन विभाग प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सर्वे के दौरान 100 से 200 लोगों ने फीस जमा भी की है। सात दिन में जो फीस नहीं देगा, उस पर कार्रवाई होगी।