Kanpur Metro: कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो तैयार, अब पीएम के उद्घाटन का इंतजार
Kanpur News: कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक तैयार मेट्रो कॉरिडोर पर अब सिर्फ उद्घाटन की औपचारिकता बाकी है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त की मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विस्तार
आईआईटी से मोतीझील के बाद अब शहर के एक और बड़े हिस्से में मेट्रो दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से लेकर नौबस्ता तक के नए मेट्रो रूट का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त ने भी अपनी गहन जांच के बाद इस रूट को मेट्रो संचालन के लिए पूरी तरह सुरक्षित और उपयुक्त मानते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को हरी झंडी दे दी है। अब शहरवासियों को बस इस रूट के औपचारिक उद्घाटन का इंतजार है, जिसके बाद लोग सीधे आईआईटी से नौबस्ता तक का सफर मेट्रो से मिनटों में तय कर सकेंगे।
पीएम मोदी के हाथों होना है उद्घाटन, तारीख का इंतजार
नए रूट पर यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारियां यूपीएमआरसी स्तर पर लगभग पूरी कर ली गई हैं। स्टेशनों को सजाने और फाइनल टच देने का काम चल रहा है। मेट्रो प्रशासन चाहता है कि इस महत्वपूर्ण और बड़े रूट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों द्वारा किया जाए।
हालांकि, प्रधानमंत्री के कानपुर आगमन का आधिकारिक कार्यक्रम और तारीख फिलहाल तय नहीं हो सकी है, जिसके चलते उद्घाटन थोड़ा टल रहा है। यूपीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागीय सूत्रों की मानें तो जुलाई के आखिरी सप्ताह या फिर अगस्त के शुरुआती दिनों में प्रधानमंत्री का समय मिल सकता है, जिसके बाद इस रूट को जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
IIT से सीधे नौबस्ता तक का सफर होगा आसान
इस नए रूट के चालू हो जाने से कानपुर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में एक क्रांतिकारी बदलाव आएगा। वर्तमान में आईआईटी से मोतीझील तक मेट्रो चल रही है, लेकिन सेंट्रल से नौबस्ता रूट जुड़ने के बाद शहर का एक बहुत बड़ा कमर्शियल और रिहायशी इलाका आपस में कनेक्ट हो जाएगा। रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ नौबस्ता और किदवई नगर की तरफ रहने वाले लाखों लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
जनसंपर्क अधिकारी,पंचानन मिश्र ने बताया कि सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो का सारा तकनीकी और सिविल कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। इस नए रूट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। हालांकि अभी उनकी तरफ से कोई फाइनल तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही तारीख मिलते ही शहरवासी आईआईटी से सीधे नौबस्ता तक का सफर मेट्रो से कर सकेंगे।"