Kanpur: झालर बाजार में मेड इन इंडिया की धूम, फैंसी लाइटें कर रहीं ट्रेंड…मुंबई-कोलकाता के उत्पादों की भरमार
Kanpur News: कानपुर में दीपावली के लिए झालर बाजार पूरी तरह सज गया है। इस बार झरना लैंप, घूमने वाली दीया थाली और रजवाड़ा झूमर जैसे मेड इन इंडिया उत्पादों की जबरदस्त मांग है। अनुमान है कि यह कारोबार 1100 करोड़ से अधिक का होगा।
विस्तार
कानपुर में दिवाली के लिए झालर बाजार सज गया है। एक समय इस बाजार में चीन का दबदबा था। अब मेड इन इंडिया के उत्पादों की धूम है। बाजार में इस बार हैंगिंग गणेश-लक्ष्मी, मोर मुकुट, कलश, घूमने वाली दीया थाली, रजवाड़ा झूमर, टयूब लाइट लुक वाली हैंगिंग पिक्सल लाइट की धूम है।
बैटरी से चलने वाली अलग-अलग स्टाइल की कैंडल भी आई हैं। जिनकी बाजार में जबरदस्त मांग है। अलग-अलग रंग वाली स्ट्रिप और एलईडी लाइटों की अच्छी बिक्री हो रही है। शहर के मनीराम बगिया बाजार में झालरों का थोक बाजार है।
परंपरागत झालरों के अलावा फैंसी आइटमों की मांग
इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख फुटकर बाजारों में इन उत्पादों की दुकानें लगी हुई हैं। शहर से ही आसपास के जिलों में उत्पादों की सप्लाई होती है। एक हजार सौ करोड़ से ज्यादा के इस कारोबार में अब मुंबई, कोलकाता, सूरत, दिल्ली में बने उत्पादों ही बाजार में हैं। बाजार में परंपरागत झालरों के अलावा फैंसी आइटमों की मांग ज्यादा है।