Kanpur Accident: बोलेरो की टक्कर से मजदूर की मौत, देर रात लौट रहे थे घर, पुलिस कर रही चालक की तलाश
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र में देर रात काम से घर लौट रहे एक मजदूर को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को पुलिस ने हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गुजैनी की कच्ची बस्ती निवासी मनोज (38) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सुनीता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब उनके दो बच्चे अजीत और मुस्कान ही बचे हैं। परिजनों के अनुसार, मनोज देर रात काम से घर लौट रहे थे।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज
तभी गुजैनी चौराहे के पास स्थित शराब ठेके के निकट तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने उन्हें हैलट पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बोलेरो और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।