कानपुर: केएसएस खो-खो प्रतियोगिता का आगाज, हरमिलाप स्कूल की शानदार जीत, 26 स्कूलों की टीमें ले रहीं हैं हिस्सा
Kanpur News: रतनलाल नगर स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिवसीय केएसएस अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता चल रही है। पहले दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले में हरमिलाप मिशन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तक्षशिला स्कूल को एक पारी और 14 अंकों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।
विस्तार
कानपुर के रतनलाल नगर स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल परिसर में मंगलवार को तीन दिवसीय केएसएस अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। खेल के इस महाकुंभ में शहर के 26 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने उतरी हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन ही खिलाड़ियों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला, जहां खेले गए शुरुआती मुकाबले में हरमिलाप मिशन स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तक्षशिला स्कूल को एक पारी और 14 अंकों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।
26 स्कूलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
प्रतियोगिता के पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद रोमांचक मुकाबलों का दौर शुरू हुआ। हरमिलाप मिशन स्कूल और तक्षशिला स्कूल के बीच हुए मुकाबले में हरमिलाप के खिलाड़ियों ने बेहतरीन फुर्ती, रणनीति और तालमेल का परिचय देते हुए विपक्षी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। अंततः एक पारी और 14 अंकों से शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
कई रोमांचक मैच खेले जाएंगे
आयोजकों के मुताबिक, इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों के बीच कई रोमांचक मैच खेले जाएंगे। आगामी मुकाबलों में सीएचएस और डीपीएस जैसी दिग्गज टीमें भी आमने-सामने होंगी, जिन्हें देखने के लिए खेल प्रेमियों और छात्रों में खासा उत्साह है।