Kanpur: केस्को ने 7000 घरों की बिजली काटी, निगेटिव बैलेंस होने पर कार्रवाई, हेल्पडेस्क पर उमड़ी भीड़ का हंगामा
Kanpur News: कानपुर में निगेटिव बैलेंस के कारण केस्को ने सात हजार कनेक्शन काट दिए, जिससे शहरभर में हंगामा हुआ। नौबस्ता में एक महिला ने गुस्से में बच्चे को फेंकने का प्रयास किया, जबकि केस्को एमडी ने सॉफ्टवेयर में किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया है।
विस्तार
कानपुर में केस्को ने गुरुवार को निगेटिव बैलेंस वाले सात हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। आक्रोशित लोगों ने दादानगर, नौबस्ता, केशवपुरम और चुन्नीगंज में जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि बिल जमा करने के बावजूद बिजली काट दी गई और सही जानकारी नहीं दी गई। नौबस्ता हेल्पडेस्क के बाहर एक महिला ने गुस्से में अपने बच्चे को चलती बाइक से फेंकने का प्रयास किया। हालांकि, लोगों ने उसे रोक लिया।
केस्को के कुल 7.56 लाख उपभोक्ताओं में से 2.91 लाख स्मार्ट मीटर का उपयोग कर रहे हैं। करीब एक लाख उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव है, जिनकी बिजली काटी जा रही है। गुरुवार सुबह नौ बजे सात हजार उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। दादानगर के आसपास की बस्तियों, गुजैनी और दबौली के लोग भीषण गर्मी में उबल पड़े। दादानगर हेल्पडेस्क पर सिंटू चौधरी और रामशंकर सिंह सहित करीब 150 उपभोक्ता बिजली के बिल लेकर पहुंचे।
केस्को के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी
उन्होंने रिचार्ज के बाद भी बिजली कटने, सूचना न मिलने और मैसेज न आने की शिकायत की। उपभोक्ताओं ने नए मीटर में बढ़कर बिल आने की बात कही और टोल फ्री नंबर पर ठीक जवाब न मिलने का आरोप लगाया। सभी ने फिर से पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की। गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने केस्को प्रबंध निदेशक से बात कर कनेक्शन फिर से जोड़ने के लिए कहा। विधायक ने बताया कि यह समस्या केस्को के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण हुई थी।
चलती बाइक से बच्चा फेंकने का प्रयास
नौबस्ता हेल्पडेस्क के बाहर बिजली कटने से परेशान एक महिला ने बौखलाहट में बाइक से अपने तीन माह के बच्चे को फेंकने का प्रयास किया। अन्य लोगों ने उसे किसी तरह रोका। बच्चा सुरक्षित रहा और महिला परिवार के साथ चली गई। पूनम दुबे ने अपना पुराना मीटर वापस देने की मांग की, जबकि नवल किशोर ने बिना वजह परेशान किए जाने पर नाराजगी जताई। केस्को अधिकारियों और लोगों के समझाने पर उपभोक्ता शांत हुए। इस दौरान पुलिस ने जगह-जगह स्थिति को संभाला।
अभी भी 10.95 करोड़ बकाया
केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर के निगेटिव बैलेंस वाले कुल 28,478 उपभोक्ताओं पर 19.20 करोड़ रुपये बकाया था। गुरुवार तक 23,514 उपभोक्ताओं ने 14.52 करोड़ रुपये का भुगतान कर अपनी कनेक्शन जुड़वा लिया था। केस्को मुख्यालय से 39,145 उपभोक्ताओं को कॉल करके निगेटिव बैलेंस होने की जानकारी दी गई है। अभी भी 34,488 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर 10.95 करोड़ रुपये बकाया है।
मैसेज पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही आता है, इसलिए सही नंबर ही दें। बैलेंस की जानकारी लेते रहे और विद्युत विच्छेदन से बचे। गुरुवार को भी निगेटिव बैलेंस वाले सात हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे। सॉफ्टवेयर में कोई गड़बड़ी नहीं थी। -सैमुयल पॉल एन, केस्को एमडी