Kanpur: सिविल लाइंस वार्ड में जनता ही जनार्दन शिविर, महापौर ने सुनीं शिकायतें…तत्काल समाधान के आदेश
Kanpur News: सिविल लाइंस वार्ड में अमर उजाला द्वारा आयोजित जनता ही जनार्दन शिविर में महापौर प्रमिला पांडेय ने जनता की शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर ही खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने और गृहकर बिल में सुधार करने के निर्देश दिए।
विस्तार
कानपुर में अमर उजाला द्वारा रविवार को सिविल लाइंस वार्ड में जनता ही जनार्दन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में सामने आई शिकायतों में सबसे अहम मामला शैलेश चौरसिया का था, जिनका गृहकर 2022 तक जमा होने के बावजूद, उन पर 2016 से एरियर और ब्याज लगाकर एक नया बिल भेज दिया गया था। महापौर ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को सोमवार शाम 4 बजे तक बिल में सुधार कर संशोधित बिल जारी करने का आदेश दिया।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया
इसके अलावा, क्षेत्रवासियों की शिकायतों पर तत्काल सफाई अभियान चलाया गया और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया गया। इस दौरान एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी मिल सका। शिविर में नगर निगम के मुख्य अभियंता आर.के. पाल, अवर अभियंता मानिकचंद, राजस्व निरीक्षक सौरभ, और जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश और अभियंता प्रियंका सहित कई अधिकारी मौजूद थे।